Sarguja express…

अंबिकापुर.25 फरवरी को परिक्षेत्रीय कृषि अनुसंधान केंद्र, अम्बिकापुर में संचालित विभिन्न अनुसंधान परियोजनाओं की समीक्षा हेतु विश्वविद्यालय द्वारा गठित निरीक्षण दल के अंतर्गत डॉ. जी. एल. शर्मा (विभागाध्यक्ष), डॉ. एस. के. द्विवेदी (प्रमुख वैज्ञानिक) एवं डॉ. उत्तम कुमार देवांगन (वैज्ञानिक) द्वारा भ्रमण कर वर्ष 2025–26 के रबी फसल अनुसंधान परीक्षणों की प्रगति की समीक्षा की गई।
निरीक्षण दल के साथ डॉ. के. एल. पैंकरा, सह-संचालक अनुसंधान, परि.कृ.अनु. कें., अंबिकापुर तथा डॉ. पी. के. भगत, वरिष्ठ वैज्ञानिक, आलू अनुसंधान केंद्र, मैनपाट के साथ साथ कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केन्द्र समस्त परियोजना अन्वेषक प्रमुख, वैज्ञानिक/प्राध्यापक एवं अन्य तकनीकी अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। टीम ने मक्का, सरसों, सामर्थ्य फसलों, उद्यानिकी फलों एवं मधुमक्खी पर अखिल भारतीय समन्वित अनुसंधान परियोजना के अंतर्गत संचालित परीक्षणों के साथ-साथ सीड हब (सरसों), एमआईडीएच हाई-टेक नर्सरी, पीपीपी, एवं आईआरपी परियोजनाओं का अवलोकन किया।
निरीक्षण दल ने फसलों के प्रदर्शन पर संतोष व्यक्त करते हुए वैज्ञानिकों एवं क्षेत्रीय कर्मचारियों के प्रयासों की सराहना की। साथ ही, लीची, कुट्टू एवं मक्का की नवीन किस्मों के विमोचन, शोध गतिविधियों के सुदृढ़ दस्तावेजीकरण तथा गुणवत्तापूर्ण वैज्ञानिक प्रकाशनों पर विशेष बल दिया। इसके साथ ही साथ निरीक्षण दल द्वारा अखिल भारतीय समन्वित सामर्थ्यवान फसलों के अंतर्गत आयोजित एक दिवसीय कृषक प्रशिक्षण कार्यक्रम में सम्मिलित होकर किसानों को तकनीकी जानकारी एवं स्प्रेयर पम्प प्रदान किया गया। अंत में सभी वैज्ञानिकों के साथ सामुहिक चर्चा एवं अनुसंधान कार्यक्रमों के सफल क्रियान्वयन हेतु प्रोत्साहन संदेश के साथ भ्रमण कार्यक्रम संपन्न हुआ।

