Sarguja express…..

अंबिकापुर….. सरगुजा जिले में रविवार रात कपड़े की दुकान में भीषण आग लग गई। इस अग्निकांड में 30 लाख रुपए का माल जलकर खाक हो गया। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने करीब 1 घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। मामला बतौली थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के मुताबिक, अंबिकापुर-सीतापुर मेन रोड पर स्थित शांतिपारा में अमित क्लाथ स्टोर्स में आग लगी है।
दुकान से धुआं और आग की लपटें निकलती देख रात करीब 2:30 बजे हाइवे से गुजर रहे चारपहिया वाहन सवारों ने वाहन रोका और दुकान के पास रहने वाले परमेश्वर गुप्ता को जगाकर घटना की जानकारी दी।
परमेश्वर गुप्ता ने दुकान संचालकों को सूचना दी। आग की खबर मिलते ही फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई। आग इतनी भीषण थी कि दुकान के दोनों शटर तपने लगे थे और लपटें बाहर तक दिखाई दे रही थीं। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका, लेकिन तब तक पूरी दुकान जल चुकी थी। दुकान से सटी किराना दुकान आग की चपेट में आने से बच गई।
अमित क्लॉथ स्टोर्स के संचालक नवीन गुप्ता का परिवार दुकान के पीछे बने मकान में रहता है। नवीन गुप्ता ने बताया कि रात करीब 9 बजे दुकान बंद कर वे घर चले गए थे। आशंका है कि शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगी। उन्होंने बताया कि आगजनी में करीब 30 लाख रुपए का कपड़ा और पांच लाख रुपए से अधिक का फर्नीचर पूरी तरह जल गया।
फिलहाल, बतौली पुलिस मामले की जांच कर रही है। नवीन गुप्ता ने बताया कि दुकान के अंदर बने कमरे तक धुआं भर गया था। समय पर सूचना मिलने से आग घर और पास की किराना दुकान तक नहीं फैल सकी। घटना के बाद संचालक का परिवार सदमे में है।

