17 February 2026
तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार की मौत, रिंग रोड पर फिर सवालों के घेरे में यातायात व्यवस्था
हादसा राज्य

तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार की मौत, रिंग रोड पर फिर सवालों के घेरे में यातायात व्यवस्था

Sarguja express…..

अंबिकापुर। शहर के रिंग रोड पर सोमवार की शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में मोटरसाइकिल सवार व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। यह हादसा नमना कला पानी टंकी के समीप उस समय हुआ, जब तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार को अपनी चपेट में ले लिया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और कुछ देर के लिए मार्ग पर जाम की स्थिति बन गई। हादसे को देखकर मौके पर मौजूद लोगों की रूह कांप गई।
मृतक की पहचान प्रहलाद सोनी के रूप में हुई है, जो सोमवार की शाम किराने का सामान लेकर अपने घर की ओर जा रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रक की रफ्तार काफी तेज थी और चालक ने लापरवाही बरतते हुए बाइक सवार को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि प्रहलाद सोनी की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर मौके से फरार होने की कोशिश करता दिखा, हालांकि पुलिस मामले की जांच कर रही है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। वहीं, हादसे के बाद रिंग रोड पर वाहनों की लंबी कतार लग गई, जिससे यातायात कुछ समय के लिए बाधित रहा। पुलिस ने स्थिति को संभालते हुए जाम खुलवाया।

गौरतलब है कि रिंग रोड पर लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाएं प्रशासन के लिए चिंता का विषय बनी हुई हैं। इसके बावजूद भारी वाहनों की तेज रफ्तार पर अब तक कोई प्रभावी नियंत्रण नहीं हो पाया है। सड़क किनारे भारी वाहनों की अव्यवस्थित पार्किंग और ट्रैफिक नियमों की अनदेखी के चलते यहां अक्सर हादसे होते रहते हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से रिंग रोड पर सख्त यातायात व्यवस्था लागू करने और भारी वाहनों की गति पर नियंत्रण लगाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *