Sarguja express…..
अंबिकापुर। मानव सेवा और स्वैच्छिक रक्तदान के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए हेल्पिंग हैंड्स क्लब फाउंडेशन से जुड़े समाजसेवी ऋषि अग्रवाल को प्रतिष्ठित ‘छत्तीसगढ़ रत्न अवार्ड’ से सम्मानित किया गया। उन्हें यह सम्मान मानव सेवा के प्रति समर्पण तथा 53वीं बार स्वैच्छिक रक्तदान करने की प्रेरणादायी उपलब्धि के लिए प्रदान किया गया।
यह सम्मान केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, छत्तीसगढ़ के वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी तथा पूज्य गुरु खुशवंत साहब के करकमलों से प्रदान किया गया। सम्मान प्राप्त करने के बाद ऋषि अग्रवाल ने इसे अपने जीवन का अत्यंत गौरवपूर्ण और अविस्मरणीय क्षण बताया।
उन्होंने कहा कि यह सम्मान केवल उनका नहीं, बल्कि उन सभी स्वैच्छिक रक्तदाताओं, शुभचिंतकों, मित्रों और परिवारजनों का भी है, जिन्होंने मानव सेवा के इस अभियान में निरंतर उनका उत्साहवर्धन और सहयोग किया। उन्होंने सभी लोगों से नियमित रूप से स्वैच्छिक रक्तदान करने की अपील करते हुए कहा कि एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद की जान बचा सकता है।
ऋषि अग्रवाल ने कहा कि समाज में रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना समय की आवश्यकता है। उन्होंने लोगों से आह्वान किया कि वे अधिक से अधिक संख्या में रक्तदान कर मानवता की सेवा में अपना योगदान दें। उन्होंने संदेश दिया कि “रक्तदान करें, जीवन बचाएं, क्योंकि मानवता की सेवा ही सबसे बड़ा धर्म है।”

