Sarguja express….
अंबिकापुर। सीतापुर में सराफा कारोबारी की स्कूटी से करीब एक करोड़ रुपए के सोने-चांदी के आभूषणों से भरा बैग पार करने के बहुचर्चित मामले में सरगुजा पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। साइबर सेल अंबिकापुर और सीतापुर पुलिस की संयुक्त टीम ने वारदात में शामिल आरोपी दास नागेश्वर (45), निवासी नारायणपुर पोड़िया, थाना आस्का, जिला गंजाम, ओडिशा को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी ने अपने अन्य साथियों के साथ संगठित गिरोह बनाकर वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया है। उसके कब्जे से 10 हजार रुपए नकद जब्त किए गए हैं। मामले में अन्य आरोपी अभी फरार हैं।
वारदात 26 जुलाई की सुबह करीब 11.30 बजे हुई थी। हाईस्कूल सीतापुर के पास काशी विश्वनाथ ज्वेलर्स के संचालक अरुणदेव सोनी स्कूटी में आभूषणों से भरा बैग लेकर दुकान पहुंचे थे। उन्होंने बैग स्कूटी में रखा और दुकान का शटर खोलने लगे। इसी दौरान बदमाश बैग लेकर फरार हो गए। बैग में करीब एक करोड़ रुपए के सोने-चांदी के आभूषण होने की जानकारी पुलिस को दी गई थी। मामले में सीतापुर थाने में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।
500 सीसीटीवी फुटेज खंगाले, तीन राज्यों में तलाश
पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले तो दो मोटरसाइकिल पर सवार चार संदिग्ध नजर आए। इसके बाद पुलिस ने उनके भागने का रास्ता तलाशना शुरू किया। जांच में संदिग्धों का रूट सरगुजा के गेरसा से जशपुर के कांसाबेल, कुनकुरी, सिंगीबहार होते हुए झारखंड के कुरडेग, खैरनटोली और सिमडेगा तथा वहां से ओडिशा के सुंदरगढ़ सहित अन्य क्षेत्रों तक मिला।
आरोपियों की पहचान के लिए पुलिस ने अलग-अलग क्षेत्रों के करीब 500 सीसीटीवी फुटेज का बारीकी से अध्ययन किया। तकनीकी विश्लेषण और दूसरे राज्यों की पुलिस से समन्वय के बाद संदिग्धों की पहचान चंटी दास और दास नागेश्वर के रूप में हुई।
10 दिन चला सर्च ऑपरेशन, चंटी के घर मिले थे 46 लाख के जेवर
सरगुजा पुलिस की संयुक्त टीम ने ओडिशा पुलिस के सहयोग से आरोपियों के संभावित ठिकानों पर लगातार करीब 10 दिनों तक सर्च ऑपरेशन चलाया। इस दौरान सूचना मिली कि चंटी दास 16 अगस्त को अपने घर आया था। पुलिस उसके घर पहुंची, लेकिन वहां ताला लगा मिला और आरोपी फरार था।
तलाशी के दौरान घर में छिपाकर रखे गए करीब 300.92 ग्राम सोने के आभूषण, जिनकी कीमत करीब 43 लाख रुपए बताई गई, बरामद किए गए। इसके साथ ही करीब 1 किलो 168 ग्राम चांदी के आभूषण, कीमत करीब 3 लाख रुपए भी जब्त किए गए थे। इस तरह पुलिस अब तक करीब 46 लाख रुपए के आभूषण बरामद कर चुकी है।
दास नागेश्वर गिरफ्तार, पुराने आपराधिक मामले भी आए सामने
लगातार छापेमारी के बीच पुलिस ने गंजाम से दास नागेश्वर को पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अन्य साथियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार की। इसके बाद मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 111(2) और 3(5) भी जोड़ी गई है।
पुलिस के अनुसार दास नागेश्वर का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड भी मिला है। उसके खिलाफ वर्ष 2021 में ओडिशा के अलग-अलग थानों में आबकारी अधिनियम के साथ चोरी और लूट से संबंधित मामले दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस ने उसे आदतन अपराधी बताया है।
पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा रेंज दीपक कुमार झा के मार्गदर्शन और डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सरगुजा राजेश अग्रवाल के निर्देशन में कार्रवाई की गई। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों के संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है और उन्हें भी जल्द गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है।







