Sarguja express….



अंबिकापुर। साइबर अपराध के बढ़ते मामलों के बीच छत्तीसगढ़ पुलिस ने प्रदेशवासियों को जागरूक और सुरक्षित करने के उद्देश्य से ‘साइबर जागृति अभियान’ शुरू किया है। 15 अगस्त से 2 अक्टूबर तक सात सप्ताह चलने वाले इस व्यापक अभियान का उद्देश्य जनभागीदारी के माध्यम से साइबर अपराध के प्रति जागरूकता बढ़ाना और छत्तीसगढ़ को साइबर अपराध मुक्त बनाने की दिशा में लोगों को एकजुट करना है।

अभियान की मुख्य थीम ‘साइबर जागृति की एक सेल्फी’ रखी गई है। छत्तीसगढ़ पुलिस और जिला पुलिस के सोशल मीडिया माध्यमों पर जारी लिंक अथवा क्यूआर कोड को स्कैन कर नागरिक जागरूकता संदेश वाले सेल्फी फ्रेम में अपनी तस्वीर ले सकेंगे। इसके बाद वे इसे अपने सोशल मीडिया खातों पर साझा करेंगे। इससे साइबर सुरक्षा का संदेश उनके मित्रों, फॉलोअर्स और अन्य लोगों तक पहुंचेगा। सरगुजा जिले में पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा रेंज दीपक कुमार झा एवं पुलिस अधीक्षक सरगुजा, उप पुलिस महानिरीक्षक राजेश कुमार अग्रवाल ने प्रेसवार्ता के दौरान अभियान का शुभारंभ किया। अधिकारियों ने लिंक एवं क्यूआर कोड जारी किया और स्वयं क्यूआर कोड स्कैन कर सेल्फी लेकर उसे सोशल मीडिया पर साझा किया। इस दौरान अधिकारियों ने सामाजिक एवं व्यापारिक संगठनों, संस्थानों, सोशल मीडिया प्रभावशाली व्यक्तियों, पेशेवरों, कलाकारों और आम नागरिकों से अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की। अभियान के तहत प्रत्येक सप्ताह अलग-अलग विषयों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। पहले सप्ताह स्कूल-कॉलेजों में डिजिटल सतर्कता और बुनियादी सुरक्षा पर अभियान चलेगा। दूसरे सप्ताह बैंकिंग एवं वित्तीय संस्थानों में वित्तीय धोखाधड़ी और एकीकृत भुगतान प्रणाली की सुरक्षा की जानकारी दी जाएगी। तीसरे सप्ताह वरिष्ठ नागरिकों के लिए डिजिटल गिरफ्तारी और फर्जी कॉल के संबंध में संवाद एवं टाउन हॉल आयोजित होंगे। चौथे सप्ताह महिला महाविद्यालयों और सामुदायिक समूहों में स्मार्टफोन गोपनीयता एवं सुरक्षित इंटरनेट उपयोग पर जागरूकता अभियान चलेगा।

पांचवें सप्ताह रोजगार कार्यालयों, औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों और कौशल विकास केंद्रों में नौकरी के नाम पर ठगी एवं फर्जी संदेशों से बचाव की जानकारी दी जाएगी। छठे सप्ताह डेटा गोपनीयता और सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग पर अभियान चलेगा। सातवें सप्ताह गांधी जयंती के अवसर पर ग्राम पंचायतों और नगरीय निकायों में ‘साइबर मुक्त छत्तीसगढ़’ संकल्प अभियान चलाया जाएगा।
2 अक्टूबर को होगा अभियान का समापन
जिला पुलिस एवं स्थानीय थानों द्वारा चौक-चौराहों, बाजारों, पार्कों और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर पोस्टर-बैनर के माध्यम से क्यूआर कोड का प्रचार किया जाएगा। सोशल मीडिया और व्हाट्सऐप समूहों के माध्यम से भी नागरिकों को अभियान से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा। अभियान का समापन 2 अक्टूबर 2026, गांधी जयंती के दिन होगा।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि जिस तरह देश की आजादी के लिए लोगों ने एकजुट होकर संघर्ष किया, उसी तरह साइबर अपराध के खिलाफ भी सामूहिक जागरूकता और सहभागिता जरूरी है। उन्होंने नागरिकों से ‘जागरूकता की एक सेल्फी’ लेकर सोशल मीडिया पर साझा करने और साइबर अपराध रोकने में पुलिस का सहयोग करने की अपील की।

