14 June 2026
सरगुजा में बास्केटबॉल प्रतिभाओं को निखारने की पहल….जिला स्तरीय अंडर-14 बास्केटबॉल लीग प्रतियोगिता 2026 का हुआ आगाज
आयोजन खेल राज्य

सरगुजा में बास्केटबॉल प्रतिभाओं को निखारने की पहल….जिला स्तरीय अंडर-14 बास्केटबॉल लीग प्रतियोगिता 2026 का हुआ आगाज

Sarguja express….

अंबिकापुर। सरगुजा जिला बास्केटबॉल संघ के तत्वावधान में जिला स्तरीय अंडर-14 बास्केटबॉल लीग प्रतियोगिता 2026 का शुभारंभ किया गया। प्रतियोगिता में जिले भर के प्रशिक्षित खिलाड़ियों को विभिन्न टीमों में विभाजित कर लीग पद्धति के आधार पर मैच आयोजित किए जा रहे हैं।

राष्ट्रीय कोच राजेश प्रताप सिंह ने बताया कि प्रतियोगिता के सभी मुकाबले अंतरराष्ट्रीय नियमों एवं मानकों के अनुरूप संचालित किए जाएंगे, जिससे खिलाड़ियों को उच्च स्तरीय प्रतियोगिताओं का अनुभव प्राप्त हो सके तथा खेल के तकनीकी नियमों की बेहतर समझ विकसित हो। उन्होंने बताया कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करना, उनके खेल कौशल का विकास करना तथा उन्हें बास्केटबॉल के अंतरराष्ट्रीय मानकों से परिचित कराना है।

उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता के माध्यम से खिलाड़ियों में अनुशासन, खेल भावना, टीमवर्क एवं प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता का विकास भी किया जाएगा। सरगुजा जिला बास्केटबॉल संघ का उद्देश्य जिले की खेल प्रतिभाओं को बेहतर अवसर प्रदान कर उन्हें राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाना है। इसी संकल्प के साथ संघ द्वारा “आज का खिलाड़ी, कल का राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी” की सोच को साकार करने हेतु इस लीग प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है।

प्रतियोगिता के उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में महापौर मंजूषा भगत, सभापति हरमिंदर सिंह टिन्नी, समाजसेवी संजय अग्रवाल, एमआईसी मेंबर प्रियंका गुप्ता, पार्षद शैलेश कुमार सिंह उपस्थित रहे। अतिथियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उन्हें खेल एवं शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

प्रतियोगिता के सफल आयोजन में सुनैना जायसवाल,रजत सिंह, आकाश गुप्ता, अनूप तिर्की, बबीता प्रिया जायसवाल, रिंकी सिंह,खुशबू गुप्ता, प्रज्ञा मिश्रा सहित सरगुजा जिला बास्केटबॉल संघ के पदाधिकारियों एवं सदस्य अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *