Sarguja express……
सावन के आखिरी सोमवार पर जलाभिषेक करने निकला था किशोर, कार से बाइक की टक्कर; साथी घायल

अंबिकापुर। सावन के आखिरी सोमवार को कैलाश गुफा में भगवान शिव को जल चढ़ाने की आस लेकर घर से निकले 15 वर्षीय किशोर की सड़क हादसे में मौत हो गई। हादसा रविवार शाम करीब 6 बजे बतौली के समीप हुआ। दुर्घटना में बाइक पर सवार उसका साथी भी घायल हो गया, जिसका उपचार जारी है। परिजनों के अनुसार घटना की सबसे मार्मिक बात यह है कि 25 अगस्त को मृतक राहुल का जन्मदिन था, लेकिन जन्मदिन से ठीक पहले हुए हादसे ने परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया।
जानकारी के अनुसार उदयपुर क्षेत्र के ग्राम नुनेरा निवासी राहुल बिंझिया (15), पिता सुरेंद्र बिंझिया अपने साथी करौंदी खुटरापारा निवासी सुनील के साथ मोटरसाइकिल से कैलाश गुफा जा रहा था। दोनों सावन के आखिरी सोमवार को कैलाश गुफा में जल चढ़ाने के लिए निकले थे।
बताया जा रहा है कि रविवार शाम करीब 6 बजे बतौली के समीप केनापारा बगीचा रोड में उनकी मोटरसाइकिल की कार क्रमांक सीजी 15 डीवी 0588 से दुर्घटना हो गई। हादसे में राहुल और सुनील गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को तत्काल बतौली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर रेफर किया गया।
मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचने पर आपातकालीन विभाग में चिकित्सकों ने राहुल को मृत घोषित कर दिया। वहीं घायल सुनील का अस्पताल में उपचार जारी है।
राहुल की असमय मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। जिस घर में 25 अगस्त को उसके जन्मदिन की खुशियां मनाई जानी थीं, वहां एक दिन पहले ही मातम पसर गया। सावन के अंतिम सोमवार पर भोलेनाथ को जल चढ़ाने की राहुल की इच्छा भी अधूरी रह गई।

