5 August 2026
सरगुजा को मिले नए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, रितेश चौधरी ने संभाला पदभार…..जनसेवा, प्रभावी कानून-व्यवस्था और सामुदायिक पुलिसिंग को बताया सर्वोच्च प्राथमिकता
क्राइम नियुक्ति प्रशासन राज्य

सरगुजा को मिले नए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, रितेश चौधरी ने संभाला पदभार…..जनसेवा, प्रभावी कानून-व्यवस्था और सामुदायिक पुलिसिंग को बताया सर्वोच्च प्राथमिकता

Sarguja express…..(दीपक सराठे )

अंबिकापुर। राज्य पुलिस सेवा के वर्ष 2013 बैच के अधिकारी श्री रितेश चौधरी ने मंगलवार को सरगुजा जिले के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) के रूप में विधिवत पदभार ग्रहण किया। पदभार संभालने के बाद उन्होंने डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सरगुजा राजेश अग्रवाल से सौजन्य भेंट कर जिले की कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, जनसेवा और सामुदायिक पुलिसिंग को लेकर आवश्यक मार्गदर्शन प्राप्त किया।

पदभार ग्रहण करने के उपरांत एएसपी श्री चौधरी ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय की विभिन्न शाखाओं का निरीक्षण कर शाखा प्रभारियों से परिचय प्राप्त किया। उन्होंने शाखावार कार्यप्रणाली और लंबित मामलों की समीक्षा करते हुए सभी कार्यों के समयबद्ध, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण निष्पादन के निर्देश दिए। साथ ही कार्यालयीन कार्यों में गति लाने और आम नागरिकों को बेहतर एवं संवेदनशील पुलिस सेवाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया।

इस दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री रितेश चौधरी ने कहा कि जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाना, अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना, सामुदायिक पुलिसिंग को बढ़ावा देना तथा नागरिकों को त्वरित, पारदर्शी और संवेदनशील पुलिस सेवा उपलब्ध कराना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी।

गौरतलब है कि सरगुजा में पदस्थापना से पहले श्री रितेश चौधरी 14वीं वाहिनी, छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल, धनौरा (जिला बालोद) में उप सेनानी के पद पर अपनी सेवाएं दे चुके हैं। उनकी नियुक्ति छत्तीसगढ़ शासन के गृह (पुलिस) विभाग द्वारा जारी पदस्थापना आदेश के तहत की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *