24 August 2026
शेयर करेंसी में रकम दोगुनी करने का झांसा देकर 8.50 लाख की ठगी….. एक और आरोपी गिरफ्तार
Uncategorized कार्रवाई क्राइम देश बड़ी खबर राज्य

शेयर करेंसी में रकम दोगुनी करने का झांसा देकर 8.50 लाख की ठगी….. एक और आरोपी गिरफ्तार

Sarguja express….

प्रतापपुर। शेयर करेंसी में रकम निवेश करने पर कुछ ही दिनों में पैसा दोगुना करने का झांसा देकर 8 लाख 50 हजार रुपये की ठगी करने के मामले में चौकी रेवटी पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। मामले में पुलिस पूर्व में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है, जबकि एक अन्य फरार आरोपी की तलाश लगातार जारी है।

पुलिस के अनुसार, ग्राम गोवर्धनपुर निवासी सुनील पाण्डेय ने 27 फरवरी 2023 को चौकी रेवटी में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि तीन अज्ञात व्यक्ति स्विफ्ट डिजायर कार से उसकी दुकान पर पहुंचे और शेयर करेंसी में पैसा लगाने पर रकम दोगुनी करने का लालच देकर उससे 8 लाख 50 हजार रुपये लेकर फरार हो गए।

जांच में सामने आया कि आरोपियों ने पहले सुनील पाण्डेय को शेयर करेंसी में निवेश का झांसा दिया। आरोपियों की बातों में आकर उसने शुरुआत में 10 हजार रुपये दिए। अगले दिन आरोपियों ने उसे 20 हजार रुपये वापस कर दिए। रकम दोगुनी मिलने के बाद पीड़ित का आरोपियों पर विश्वास बढ़ गया।

इसके बाद आरोपियों ने 10 लाख रुपये तक निवेश करने पर 2 से 4 दिन में रकम दोगुनी करने का लालच दिया। लगातार फोन पर बातचीत कर आरोपियों ने उसे अपने विश्वास में लिया। इसके बाद पीड़ित ने 8 लाख 50 हजार रुपये की व्यवस्था कर आरोपियों को इसकी जानकारी दी।

27 फरवरी की सुबह आरोपी उसकी दुकान पर पहुंचे और 8 लाख 50 हजार रुपये लेने के बाद एक खाकी रंग का बंद पैकेट पीड़ित को थमा दिया। आरोपियों ने दावा किया कि पैकेट में 17 लाख रुपये हैं और बाद में लौटकर उसमें से 3 लाख रुपये ले जाएंगे।

आरोपियों के जाने के बाद जब उनके मोबाइल बंद मिले तो पीड़ित ने पैकेट खोला। अंदर नोटों के आकार में सादे कागजों का बंडल देखकर उसके होश उड़ गए। इसके बाद उसे ठगी का अहसास हुआ और उसने पुलिस से शिकायत की।

पुलिस ने तकनीकी और साइबर जांच की मदद से आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास किया। जांच में सामने आया कि वारदात में इस्तेमाल मोबाइल नंबर एक अन्य व्यक्ति के दस्तावेजों पर जारी हुआ था। पुलिस की पूछताछ में कथित तौर पर सामने आया कि मोबाइल दुकान संचालक अमरेश मिश्रा ने दस्तावेजों का दुरुपयोग करते हुए अतिरिक्त सिम जारी कर उसे आरोपी राजेश सिंह को उपलब्ध कराया था।

पुलिस के मुताबिक, राजेश सिंह ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर उक्त सिम का इस्तेमाल करते हुए पीड़ित से संपर्क किया और ठगी की वारदात को अंजाम दिया। घटना के बाद सिम और मोबाइल को तोड़कर फेंक दिया गया था।

पूर्व में दो आरोपी गिरफ्तार, कार भी जब्त

मामले में पुलिस ने पूर्व में अमरेश मिश्रा, निवासी वाराणसी तथा राजेश सिंह, निवासी वाराणसी को गिरफ्तार किया था। दोनों से पूछताछ में अपने साथियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देना स्वीकार किए जाने की बात पुलिस ने कही है। आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त कार भी जब्त की गई थी।

कैमूर बिहार में दबिश देकर शाहजाद अंसारी गिरफ्तार

मामले के फरार आरोपियों की तलाश के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी शाहजाद अंसारी पिता स्व. युसुफ अंसारी, उम्र 29 वर्ष, निवासी शाही सराय, थाना कुदरा, जिला कैमूर, बिहार कैमूर में मौजूद है। सूचना के बाद चौकी रेवटी पुलिस की टीम बिहार रवाना हुई और दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार कर प्रतापपुर लाया गया। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में शाहजाद अंसारी ने भी अपने साथियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया है। आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

एक आरोपी अभी भी फरार

पुलिस का कहना है कि प्रकरण में एक अन्य आरोपी अभी फरार है, जिसकी लगातार पतासाजी की जा रही है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सूरजपुर योगेश कुमार पटेल (भा.पु.से.) के निर्देश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश देवांगन एवं एसडीओपी प्रतापपुर अनूप एक्का के मार्गदर्शन में की गई। कार्रवाई में चौकी प्रभारी रेवटी संतोष सिंह, प्रधान आरक्षक शिव राजवाड़े, आरक्षक मनरूप पैंकरा एवं अशोक राजवाड़े की सक्रिय भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *