Sarguja express….
19 वर्षीय अविवाहित युवती का युवक से था संबंध, परिजन एफआईआर दर्ज कराने की तैयारी में
अंबिकापुर। बलरामपुर जिले के राजपुर थाना क्षेत्र में 19 वर्षीय अविवाहित गर्भवती युवती और उसके गर्भ में पल रहे सात माह के बच्चे की मौत का मामला सामने आया है। तबीयत बिगड़ने के बाद युवती को मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर में भर्ती कराया गया था, जहां बुधवार शाम उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। गर्भस्थ शिशु को भी नहीं बचाया जा सका।
मामला राजपुर थाना क्षेत्र के ग्राम डिगनगर का है। बताया जा रहा है कि 19 वर्षीय युवती का राजपुर थाना क्षेत्र के ही ग्राम बगाड़ी निवासी एक युवक से संबंध था। इसकी जानकारी शुरुआत में युवती के परिजनों को नहीं थी। युवती के करीब पांच माह की गर्भवती होने पर परिवार को इसकी जानकारी हुई।
इसके बाद परिजनों ने संबंधित युवक से संपर्क कर शादी की बात कही, लेकिन आरोप है कि युवक ने शादी करने से इनकार कर दिया। इस बीच युवती का गर्भ सात माह का हो गया। तबीयत अचानक बिगड़ने पर परिजन उसे राजपुर अस्पताल लेकर पहुंचे। हालत गंभीर होने के कारण चिकित्सकों ने उसे मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर रेफर कर दिया।
मेडिकल कॉलेज अस्पताल में उपचार के दौरान बुधवार शाम युवती ने दम तोड़ दिया। उसके साथ गर्भ में पल रहे सात माह के बच्चे की भी मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। परिजनों ने युवक पर गंभीर आरोप लगाए हैं और मामले में एफआईआर दर्ज कराने की तैयारी कर रहे हैं। पुलिस शिकायत और जांच के बाद ही पूरे घटनाक्रम की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

