Sarguja express
वाड्रफ़नगर…. नगर के मार्केट स्थित अरविन्द ज्वेलर्स में शटर तोड़कर लाखों रुपये के जेवरात चोरी करने वाले अंतर्राज्यीय गिरोह का बलरामपुर पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। पुलिस ने मामले में बिहार के रोहतास जिले से जुड़े 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।आरोपियों के कब्जे से चोरी की चांदी को गलाकर बनाई गई 14.175 किलोग्राम चांदी की सीलियां, घटना में प्रयुक्त पिकअप वाहन, मोटरसाइकिल, लोहे का सब्बल, मोबाइल फोन और नगदी बरामद की गई है।
पुलिस के अनुसार वाड्रफनगर निवासी अरविन्द सोनी ने 17 अगस्त को चौकी वाड्रफनगर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 16 अगस्त की रात दुकान बंद कर घर जाने के बाद अज्ञात चोरों ने दुकान का शटर और लॉक तोड़कर बड़ी मात्रा में चांदी के जेवर, करीब 50 ग्राम सोने के आभूषण, गिलट के जेवर और 18 हजार रुपये नगद चोरी कर लिए।
मामले में चौकी वाड्रफनगर में अपराध क्रमांक 133/2026, धारा 305, 331(4), 317(2), 5 बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।
सीसीटीवी और तकनीकी जांच से बिहार तक पहुंची पुलिस
जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल के सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया। आरोपियों की लोकेशन बिहार के रोहतास जिले के दिनारा थाना क्षेत्र में मिलने के बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर थाना प्रभारी बसंतपुर निरीक्षक जितेन्द्र सोनी के नेतृत्व में बसंतपुर थाना, चलगली थाना और साइबर सेल की संयुक्त टीम बिहार रवाना हुई।
दिनारा पुलिस की सहायता से संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में आरोपियों ने वाड्रफनगर में ज्वेलर्स दुकान की चोरी करना स्वीकार किया।
पहले दो दिन की थी दुकान की रेकी
पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने 15 अगस्त को पिकअप वाहन BR 26 GC 3631 से वाड्रफनगर क्षेत्र में पहुंचकर
पंचवटी ढाबा के आसपास ठहराव किया। गिरोह ने 15 और 16 अगस्त को दुकान की रेकी की। इसके बाद 17 अगस्त की दरमियानी रात लोहे के सब्बल से अरविन्द ज्वेलर्स का शटर तोड़कर दुकान में प्रवेश किया और चांदी व गिलट के जेवरात चोरी कर बिहार भाग गए।
आरोपियों ने चोरी के चांदी के जेवर दिनारा निवासी सुनील कुमार सोनी को करीब 60 हजार रुपये प्रति किलोग्राम की दर से बेचने की बात पुलिस को बताई। सुनील कुमार सोनी ने चोरी की चांदी को गलाकर उसका स्वरूप बदल दिया था। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर 14.175 किलो चांदी की सीलियां बरामद की हैं।
ये आरोपी हुए गिरफ्तार
सोनू कुमार, 21 वर्ष, शंभू डिहरी, थाना दिनारा, जिला रोहतास शंकर चौधरी, 55 वर्ष, अलीगंज, थाना सुरजपुरा, रोहतास
नरेन्द्र चौधरी, 40 वर्ष, डिहरी, थाना दिनारा, रोहतास
लीलू चौधरी, 19 वर्ष, सीताबिगहा, सासाराम, जिला रोहतास राजकुमार चौधरी, 20 वर्ष, चिलबिला, थाना दिनारा, रोहतास
अंगद चौधरी, 24 वर्ष, सम्बुडीहरी, थाना दिनारा, रोहतास सुनील कुमार सोनी, 38 वर्ष, दिनारा, जिला रोहतास वाहन समेत चोरी में इस्तेमाल सामान बरामद।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर 14.175 किलोग्राम चांदी की सीलियां, पिकअप वाहन क्रमांक BR 26 GC 3631, मोटरसाइकिल MH 15 KR 7977, लोहे का सब्बल, मोबाइल फोन और 1 हजार रुपये नगद जब्त किए हैं। चोरी की संपत्ति को जानते हुए अपने कब्जे में रखने और चोरी की संपत्ति का स्वरूप बदलने के आरोप में प्रकरण में संबंधित धाराएं भी जोड़ी गई हैं।
पुलिस टीम की अहम भूमिका
पूरी कार्रवाई में निरीक्षक जितेन्द्र सोनी, निरीक्षक कुमार चंदन सिंह, साइबर सेल निरीक्षक हिम्मत सिंह, उप निरीक्षक विमलेश सिंह, PSI मनीष साहू, PSI लखेश्वर कश्यप, PSI गोकुल ध्रुव, PSI अजय साहू, सहायक उप निरीक्षक रामजीत राम सहित पुलिस और साइबर सेल की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।








