Sarguja express…..
अंबिकापुर। थाना कोतवाली पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी के एक मामले का खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है। आरोपी के कब्जे से चोरी की गई मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली गई है। पुलिस ने बताया कि आरोपी पहले भी वाहन चोरी के कई मामलों में जेल जा चुका है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम दोरना निवासी 20 वर्षीय कमल राज यादव ने थाना कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह 5 जून 2026 को अपनी भाभी का इलाज कराने मोटरसाइकिल क्रमांक सीजी 15 सीजे 9557 से श्रीराम हॉस्पिटल अंबिकापुर आया था। अस्पताल के बाहर बाइक खड़ी कर वह अंदर चला गया। करीब एक घंटे बाद लौटने पर उसकी मोटरसाइकिल वहां से गायब मिली। शिकायत के आधार पर थाना कोतवाली में अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू की गई।
विवेचना के दौरान पुलिस टीम अज्ञात आरोपी की तलाश में जुटी थी। इसी बीच मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति चोरी की बाइक के साथ रामानुजगंज नाका से शंकरघाट की ओर जाते हुए देखा गया है। सूचना की तस्दीक के बाद पुलिस ने रजपुरीखुर्द निवासी मुकेश चेरवा को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर बाइक चोरी करने की बात स्वीकार कर ली।
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने मायापुर स्थित रूनझून तालाब के पास छिपाकर रखी गई चोरी की मोटरसाइकिल बरामद कर ली। इसके बाद आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार आरोपी मुकेश चेरवा (26 वर्ष) निवासी बरपारा, रजपुरीखुर्द, थाना कोतवाली अंबिकापुर के खिलाफ पूर्व में भी मोटरसाइकिल चोरी के चार मामले दर्ज हैं और उसे इन मामलों में चालान किया जा चुका है। मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
यह कार्रवाई डीआईजी एवं एसएसपी राजेश कुमार अग्रवाल के निर्देशन में की गई। पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी शशिकांत सिन्हा, प्रधान आरक्षक राजेश चतुर्वेदी, आरक्षक विवेक रॉय एवं अमित विश्वकर्मा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

