Sarguja express…..
अंबिकापुर। वीआईपी मूवमेंट के दौरान यातायात व्यवस्था संभालने के नाम पर आम लोगों को किस तरह परेशानी उठानी पड़ती है, इसका नजारा रविवार शाम अंबिकापुर के गौरव पथ पर देखने को मिला। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के अंबिकापुर प्रवास के दौरान शाम को उनका काफिला गौरव पथ होते हुए गर्ल्स कॉलेज की ओर जा रहा था। इस दौरान पुलिसकर्मियों ने सड़क के दोनों तरफ वाहनों और लोगों का आवागमन रोक दिया था।
इसी दौरान गौरव पथ पर एक एंबुलेंस भी पहुंची हुई थी, जिसमें मरीज सवार थे। आपातकालीन सेवा से जुड़ी एंबुलेंस को प्राथमिकता देते हुए रास्ता दिया जाना चाहिए था, लेकिन पुलिसकर्मियों ने पहले मुख्यमंत्री के काफिले के गुजरने का इंतजार किया। नतीजतन मरीजों को लेकर जा रही एंबुलेंस सड़क पर रुकी रही। मुख्यमंत्री का काफिला गुजरने के बाद ही एंबुलेंस को आगे बढ़ने दिया गया। इस घटना ने वीआईपी मूवमेंट के दौरान आपातकालीन सेवाओं को दी जाने वाली प्राथमिकता पर सवाल खड़े कर दिए हैं। सवाल यह है कि यदि किसी मरीज को तत्काल चिकित्सा सुविधा की जरूरत हो और उसकी एंबुलेंस वीआईपी काफिले के कारण रोक दी जाए, तो इसकी जिम्मेदारी किसकी होगी? यातायात नियंत्रण के दौरान एंबुलेंस और दमकल जैसी आपातकालीन सेवाओं के लिए निर्बाध रास्ता सुनिश्चित करना जरूरी है।

