27 November 2026
धूल उड़ाती सड़कों और निगम की बदहाल व्यवस्था के खिलाफ कांग्रेस करेगी भूख हड़ताल…..30 नवंबर तक काम शुरू नहीं हुआ तो 1 दिसंबर से विवेकानंद प्रतिमा के सामने शुरू होगा आंदोलन, निगम के कामकाज का वार्डवार होगा ऑडिट
आयोजन आरोप देश निगम प्रशासन फैसला बड़ी खबर मांग राजनीति राज्य

धूल उड़ाती सड़कों और निगम की बदहाल व्यवस्था के खिलाफ कांग्रेस करेगी भूख हड़ताल…..30 नवंबर तक काम शुरू नहीं हुआ तो 1 दिसंबर से विवेकानंद प्रतिमा के सामने शुरू होगा आंदोलन, निगम के कामकाज का वार्डवार होगा ऑडिट

Sarguja express….
अंबिकापुर। शहर की बदहाल सड़कों, उड़ती धूल और नगर निगम क्षेत्र में व्याप्त विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर कांग्रेस ने आंदोलन का ऐलान किया है। कांग्रेस 1 दिसंबर से स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा के सामने क्रमिक भूख हड़ताल शुरू करेगी। कांग्रेस ने राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग और नगर निगम प्रशासन को 30 नवंबर तक समस्याओं के निराकरण के लिए प्रभावी कार्य शुरू करने का अल्टीमेटम दिया है। ऐसा नहीं होने पर आंदोलन शुरू करने की चेतावनी दी गई है।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष बालकृष्ण पाठक और नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष शफी अहमद ने संयुक्त बयान जारी कर कहा कि शहर की सड़कों की बदहाली से नागरिक लंबे समय से परेशान हैं। बरसात में सड़कों पर कीचड़ और दलदल की स्थिति रहती है, वहीं अब सूखे मौसम में धूल के गुबार लोगों की परेशानी बढ़ा रहे हैं। विशेष रूप से खरसिया रोड सहित राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे रहने वाले नागरिक, व्यापारी और राहगीर धूल से परेशान हैं। निर्माण एजेंसी और राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग द्वारा नियमित पानी का छिड़काव तक नहीं कराया जा रहा है। धूल से परेशान होकर खरसिया रोड के कई छोटे दुकानदारों ने अपना कारोबार तक बंद कर दिया है।
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि तीन इंजन की सरकार के नाम पर वोट लेने वाली भाजपा विकास कार्य कराने के बजाय इंटरनेट माध्यमों पर चार और छह लेन सड़कों की आकर्षक तस्वीरें दिखाकर लोगों को गुमराह कर रही है। राष्ट्रीय राजमार्ग की समस्याओं से नागरिकों को राहत दिलाने के लिए तत्काल ठोस कदम उठाने की जरूरत है, लेकिन धरातल पर काम नजर नहीं आ रहा है।

शहर की अंदरूनी सड़कें भी बदहाल

कांग्रेस की ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अम्बिकापुर शहर की बैठक में मंडल अध्यक्षों के साथ चर्चा के बाद नगर निगम क्षेत्र की समस्याओं को भी आंदोलन के दायरे में शामिल करने का निर्णय लिया गया। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि पिछले दो-तीन वर्षों से सांसद, विधायक, मंत्री, महापौर और प्रशासनिक अधिकारियों की ओर से लगातार आश्वासन दिए जा रहे हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर अपेक्षित काम नहीं हो रहे हैं। शहर की अंदरूनी सड़कों की स्थिति भी बदतर हो चुकी है। कई वार्डों में सड़कों के निर्माण के लिए निविदा जारी हुए कई महीने बीत चुके हैं, इसके बावजूद ठेकेदारों से काम शुरू कराने में निगम प्रशासन नाकाम रहा है।
उन्होंने कहा कि सड़क, स्ट्रीट लाइट, सफाई व्यवस्था, पेयजल आपूर्ति और राशन कार्ड जैसी मूलभूत सुविधाओं को लेकर भी नागरिक परेशान हैं। गुणवत्ता के अभाव में हाल की गर्मियों में बनाई गई सड़कों पर भी गड्ढे हो गए हैं। जिम्मेदार जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने 15 अक्टूबर से काम शुरू कराने का आश्वासन दिया था, जिसे बाद में दीपावली तक बढ़ा दिया गया। दीपावली बीतने के एक पखवाड़े बाद भी निर्माण कार्य शुरू नहीं हो सके हैं।

वार्डों में घर-घर जाकर होगा निगम के कामकाज का ऑडिट

बैठक में निगम में नेता प्रतिपक्ष शफी अहमद ने वार्ड स्तर पर घर-घर जाकर नगर निगम की सेवाओं की वास्तविक स्थिति का आकलन करने का प्रस्ताव रखा, जिसे सर्वसम्मति से स्वीकार कर लिया गया। इसके तहत कांग्रेस अपने पार्षदों के माध्यम से कांग्रेस पार्षदों वाले वार्डों में और भाजपा पार्षदों के वार्डों में चयनित प्रतिनिधियों के जरिए नागरिकों से सीधा संवाद करेगी।
इस दौरान सड़क, बिजली, पानी, सफाई और राशन कार्ड जैसी सुविधाओं को लेकर लोगों से फीडबैक लिया जाएगा। प्राप्त जानकारी को नगर निगम के साथ जिला प्रशासन तक भी पहुंचाया जाएगा। कांग्रेस नेताओं ने स्पष्ट किया कि राष्ट्रीय राजमार्ग की बदहाली के साथ ही नगर निगम की कार्यप्रणाली और विकास कार्यों में उदासीनता भी क्रमिक भूख हड़ताल का प्रमुख मुद्दा रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *