Sarguja express…..
अंबिकापुर। महिला पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के स्वास्थ्य परीक्षण और उन्हें गंभीर बीमारियों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से रविवार को पुलिस लाइन अंबिकापुर में ब्रेस्ट कैंसर स्क्रीनिंग एवं सीपीआर प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। सरगुजा संभाग में पहली बार महिला पुलिसकर्मियों के लिए विशेष रूप से आयोजित इस कार्यक्रम में ब्रेस्ट कैंसर की प्रारंभिक पहचान, नियमित स्वास्थ्य जांच और समय पर चिकित्सकीय परामर्श के महत्व की जानकारी दी गई।
सरगुजा पुलिस के मार्गदर्शन में भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी जिला शाखा सरगुजा, इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) सरगुजा और लायंस क्लब अंबिकापुर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिला पुलिस अधिकारियों-कर्मचारियों ने स्वास्थ्य जांच कराई।
कार्यक्रम पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा रेंज दीपक झा तथा डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राजेश अग्रवाल के मार्गदर्शन में हुआ। इस दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रितेश चौधरी, रक्षित निरीक्षक अंबिकापुर तृप्ति सिंह राजपूत, सूबेदार गुलशन चंद्रा और सूबेदार पेमिन वर्मा सहित सरगुजा रेंज के विभिन्न जिलों से महिला पुलिस अधिकारी-कर्मचारी एवं पुलिस चिकित्सालय के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

समय पर जांच से ब्रेस्ट कैंसर की पहचान संभव
कैंसर रोग विशेषज्ञ डॉ. पीयू प्रकाश सक्सेना ने ब्रेस्ट कैंसर के लक्षण, प्रारंभिक पहचान और बचाव से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी। उन्होंने उपस्थित महिलाओं की स्क्रीनिंग कर आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श भी दिया। उन्होंने बताया कि नियमित स्वास्थ्य परीक्षण और समय पर बीमारी की पहचान उपचार की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
इंडियन मेडिकल एसोसिएशन सरगुजा के सचिव डॉ. अर्पण सिंह चौहान ने कहा कि महिला पुलिसकर्मी शासकीय दायित्वों के साथ परिवार और समाज की महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां भी निभाती हैं। ऐसे में उनके स्वास्थ्य की नियमित जांच आवश्यक है।
कार्यक्रम में चिकित्सकीय टीम के रूप में डॉ. सुजीत, डॉ. हरप्रीत, डॉ. सुधांशु, डॉ. सुषमा, डॉ. रितेश, डॉ. स्वप्निल और डॉ. अखिलेश ने स्क्रीनिंग एवं स्वास्थ्य सेवाओं में सहयोग किया।

आपात स्थिति में जीवन बचाने के गुर सिखाए
कार्यक्रम के दौरान डॉ. श्रीकांत सिंह ने सीपीआर (हृदय-फेफड़ा पुनर्जीवन) का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया। उन्होंने आपातकालीन परिस्थितियों में किसी व्यक्ति को प्राथमिक जीवनरक्षक सहायता देने की तकनीक समझाई।
इस विशेष स्वास्थ्य शिविर में सरगुजा की आम जनता, विशेषकर इच्छुक महिलाओं के लिए भी ब्रेस्ट कैंसर स्क्रीनिंग और चिकित्सकीय परामर्श की सुविधा उपलब्ध कराई गई। आयोजन के माध्यम से महिला स्वास्थ्य, समय पर रोग की पहचान और नियमित स्वास्थ्य जांच के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया।







