28 September 2026
महामाया मंदिर छठ घाट में संभ्रांत घर की महिला ने आत्महत्या का प्रयास किया
ख़बर जरा हटके क्राइम देश राज्य

महामाया मंदिर छठ घाट में संभ्रांत घर की महिला ने आत्महत्या का प्रयास किया

Sarguja express

राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस, समझाइश के बाद महिला को नदी से सुरक्षित बाहर निकाला; पति-पत्नी के विवाद की बात सामने आई

रामानुजगंज। नगर के महामाया मंदिर स्थित छठ घाट पर रविवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक स्थानीय संभ्रांत घर की महिला कन्हर नदी में आत्महत्या का प्रयास करने लगी। महिला को नदी की ओर जाते और बार-बार पानी में उतरते देख आसपास मौजूद लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। समय रहते पुलिस मौके पर पहुंची और समझाइश देकर महिला को सुरक्षित बाहर निकाला।

प्राप्त जानकारी के अनुसार महिला सुबह करीब 11 बजे महामाया मंदिर के सामने स्थित छठ घाट पर पहुंची थी। इस दौरान वह लगातार मोबाइल पर किसी से बातचीत कर रही थी और कई बार नदी की ओर जाकर पानी में उतरने का प्रयास कर रही थी। बताया गया कि महिला दो से तीन फीट तक पानी में उतर गई थी। वह यदि कुछ और आगे बढ़ती तो नदी के गहरे हिस्से में पहुंच सकती थी।
इसी बीच महिला के पति ने अपने एक परिचित को घटना की जानकारी दी, जिसके बाद पुलिस को भी सूचना दी गई। सूचना मिलते ही महिला सब इंस्पेक्टर किरण नेताम, प्रधान आरक्षक विजय गुप्ता, मायापति सिंह, महामाया शर्मा सहित पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मियों ने महिला को काफी देर तक समझाइश दी, जिसके बाद उसे सुरक्षित नदी से बाहर निकाला गया। पुलिस महिला को थाने लेकर गई, जहां उससे बातचीत कर आवश्यक समझाइश दी गई। प्रारंभिक जानकारी में पति-पत्नी के बीच विवाद के कारण महिला द्वारा इस तरह का कदम उठाए जाने की बात सामने आई है। हालांकि घटना के वास्तविक कारणों की स्थिति पुलिस की पूछताछ के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। घटना के दौरान छठ घाट के आसपास बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जमा हो गई थी। पुलिस की तत्परता से महिला को समय रहते नदी से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया और एक बड़ी घटना टल गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *