27 August 2026
महापौर की इनोवा धू-धू कर जली, कुछ देर पहले ही 4 लोगों के साथ पहुंची थीं निगम कार्यालय…कार से उतरने के करीब 20 मिनट बाद बोनट से उठा धुआं, देखते ही देखते आग की लपटों में घिरी गाड़ी
हादसा देश निगम बड़ी खबर राज्य

महापौर की इनोवा धू-धू कर जली, कुछ देर पहले ही 4 लोगों के साथ पहुंची थीं निगम कार्यालय…कार से उतरने के करीब 20 मिनट बाद बोनट से उठा धुआं, देखते ही देखते आग की लपटों में घिरी गाड़ी

Sarguja express…..

एक दिन पहले ही कराई गई थी मरम्मत, आग लगने के कारणों की जांच में जुटी फॉरेंसिक टीम

दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग में नगर निगम की महापौर अलका बाघमार की इनोवा हाईक्रॉस में अचानक भीषण आग लग गई। निगम कार्यालय परिसर में खड़ी कार से पहले धुआं उठा और कुछ ही देर में आग ने पूरी गाड़ी को अपनी चपेट में ले लिया। घटना के दौरान महापौर सहित वाहन में सवार सभी लोग पहले ही उतर चुके थे, जिससे बड़ा हादसा टल गया। आग इतनी भीषण थी कि कुछ ही देर में कार बुरी तरह जल गई।

जानकारी के अनुसार महापौर अलका बाघमार दिन में करीब 11.40 बजे चार अन्य लोगों के साथ इनोवा हाईक्रॉस से अपने घर से दुर्ग नगर निगम कार्यालय पहुंची थीं। महापौर एवं अन्य लोग वाहन से उतरकर कार्यालय के भीतर चले गए। करीब 20 मिनट बाद परिसर में खड़ी इनोवा के बोनट से अचानक धुआं निकलने लगा।

वहां मौजूद लोग कुछ समझ पाते, इससे पहले ही धुएं के साथ आग की तेज लपटें उठने लगीं। देखते ही देखते पूरी गाड़ी आग की चपेट में आ गई। निगम कार्यालय परिसर में कार को धू-धू कर जलता देख अफरा-तफरी मच गई।

लोगों ने बुझाने की कोशिश की, दमकल ने पाया काबू

मौके पर मौजूद लोगों ने शुरुआती स्तर पर आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन लपटें लगातार तेज होती गईं। इसके बाद तत्काल फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई। दमकल की टीम मौके पर पहुंची और करीब 15 से 20 मिनट की मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया। हालांकि तब तक वाहन को काफी नुकसान हो चुका था।

राहत की बात यह रही कि आग उस समय लगी जब महापौर और उनके साथ आए सभी लोग कार से उतरकर कार्यालय में जा चुके थे। यदि चलती गाड़ी में आग लगती तो बड़ा हादसा हो सकता था।

तीन महीने पहले ही किराए पर ली गई थी कार

महापौर अलका बाघमार के मुताबिक इनोवा हाईक्रॉस नई थी और करीब तीन महीने पहले ही नगर निगम द्वारा इसे किराए पर लिया गया था। बताया गया कि वाहन में कुछ तकनीकी समस्या आने के कारण घटना से एक दिन पहले ही उसकी मरम्मत भी कराई गई थी।

अब सवाल यह उठ रहा है कि मरम्मत के अगले ही दिन वाहन में इतनी भीषण आग कैसे लगी। मामले की गंभीरता को देखते हुए संबंधित वाहन निर्माता कंपनी को घटना की जानकारी दी गई है। वहीं फॉरेंसिक टीम को भी जांच के लिए बुलाया गया है। टीम वाहन की जांच कर आग लगने के वास्तविक कारणों का पता लगाने में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *