Sarguja express…..
अम्बिकापुर /नगर निगम क्षेत्र में बदहाल सड़कों, चरमराई जल निकासी व्यवस्था, अघोषित बिजली कटौती, ठप सफाई व्यवस्था, बंद स्ट्रीट लाइटों, लंबित सामाजिक सुरक्षा पेंशन और आम जनता की समस्याओं को लेकर कांग्रेस ने मोर्चा खोल दिया है। नगर निगम के नेता प्रतिपक्ष शफी अहमद के नेतृत्व में कांग्रेस पार्षदों, वरिष्ठ नेताओं, पदाधिकारियों एवं नागरिकों ने आज सरगुजा कलेक्टर अजित बसन्त को विस्तृत ज्ञापन सौंपा। कांग्रेस ने शीघ्र समस्याओं का समाधान न होने पर चक्का जाम और निरंतर विरोध प्रदर्शन की चेतावनी दी है।
ज्ञापन में नगर के मध्य से गुजरने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग 43 अंतर्गत सदर रोड, देवीगंज रोड और विशेष रूप से महामाया चौक से गुरुनानक चौक तक सड़क की बदहाली को प्रमुख मुद्दा बनाया गया। कांग्रेस ने कहा कि यह मार्ग शहर की जीवनरेखा है, लेकिन इसकी स्थिति अत्यंत जर्जर हो चुकी है। इसके अलावा बाबूपारा, विशुनपुर, नमनाकला, नवापारा, बौरीपारा, दर्रीपारा सहित नगर निगम क्षेत्र की अधिकांश अंदरूनी सड़कें भी खस्ताहाल हैं। निविदा प्रक्रिया पूरी होने के बावजूद निर्माण एवं मरम्मत कार्य शुरू न होना प्रशासनिक निष्क्रियता का प्रमाण है। कांग्रेस ने चेताया कि बरसात शुरू होने में एक माह से भी कम समय शेष है और यदि अभी कार्य प्रारंभ नहीं हुआ तो बारिश के बाद हालात और भयावह होंगे।
जल निकासी व्यवस्था को लेकर ज्ञापन में कहा गया कि नगर के विभिन्न वार्डों में बड़े नालों एवं नालियों के निर्माण की मांग वर्षों से लंबित है, लेकिन प्रशासनिक उदासीनता के कारण आज तक कार्य प्रारंभ नहीं हो सका। कांग्रेस ने मांग की कि वार्ड पार्षदों से समन्वय स्थापित कर शीघ्र निर्माण कार्य प्रारंभ कराया जाए। शहर की भीतरी बस्तियों एवं खाली जमीनों पर अव्यवस्थित मिट्टी भराव कर प्राकृतिक जल निकासी मार्गों को अवरुद्ध किए जाने पर भी गंभीर चिंता जताई गई। कुंडला सिटी के पीछे एवं बरेज तालाब क्षेत्र में मिट्टी भराव के कारण अग्रसेन वार्ड सहित आसपास के क्षेत्रों में हल्की बारिश में ही जलभराव की गंभीर समस्या उत्पन्न हो रही है।
बिजली व्यवस्था पर तीखा हमला करते हुए नेता प्रतिपक्ष शफी अहमद ने कहा कि मेंटेनेंस के नाम पर घंटों बिजली कटौती और प्रतिदिन अघोषित बिजली बंदी से आम नागरिक, व्यापारी, विद्यार्थी एवं मरीज सभी परेशान हैं। बढ़े हुए एवं त्रुटिपूर्ण बिजली बिलों ने जनता पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डाल दिया है। नगर की गलियों, मोहल्लों एवं रिंग रोड क्षेत्र में अधिकांश स्ट्रीट लाइटें बंद हैं, जिससे आमजन को रात के समय असुरक्षा और भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
नगर निगम की सफाई व्यवस्था को लेकर भी उन्हीने ने गंभीर सवाल उठाए। ज्ञापन में कहा गया कि नालियों एवं गलियों की नियमित सफाई लगभग ठप है, जिससे शहर में गंदगी फैल रही है और बीमारियों का खतरा बढ़ रहा है। बारिश पूर्व नालियों एवं प्राकृतिक जल निकासी मार्गों की सफाई नहीं होने से हल्की बारिश में ही निचली बस्तियों एवं कई वार्डों में जल जमाव देखा गया है, जो प्रशासन की लापरवाही को उजागर करता है।
कांग्रेस ने सामाजिक सुरक्षा योजनाओं की बदहाल स्थिति को भी प्रमुखता से उठाया। विधवा पेंशन, वृद्धा पेंशन, विकलांगता पेंशन सहित अन्य सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं का भुगतान पिछले छह माह से लंबित है, जिससे गरीब, बुजुर्ग एवं जरूरतमंद हितग्राही गंभीर आर्थिक संकट में हैं।
सुशासन त्योहार के नाम पर आयोजित शिविरों की उपयोगिता पर भी कांग्रेस ने सवाल खड़े किए। ज्ञापन में कहा गया कि आवेदन देने के बावजूद आम जनता की छोटी-छोटी समस्याओं का समाधान नहीं हो रहा, जिससे शासन की योजनाएँ केवल औपचारिकता बनकर रह गई हैं।
नेता प्रतिपक्ष शफी अहमद ने प्रशासन को स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि यदि नगर की इन मूलभूत समस्याओं पर शीघ्र प्रभावी एवं ठोस कार्रवाई नहीं की गई, तो कांग्रेस पार्षदों, पदाधिकारियों एवं आम जनता के साथ व्यापक जनआंदोलन, चक्का जाम और उग्र विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।
कांग्रेस ने कहा कि यह ज्ञापन सिर्फ राजनीतिक औपचारिकता नहीं, बल्कि असम जन की आवाज है। अब प्रशासन की जिम्मेदारी है कि आश्वासनों से आगे बढ़कर जमीनी समाधान दे, अन्यथा जनता का आक्रोश सड़कों पर दिखाई देगा।
ज्ञापन सौंपने वालो में संजय विश्वकर्मा, मेराज गुड्डू, हसन खान,पापिन्दर सिंह,शुभम जायसवाल ,कलीम अंसारी,मेघा खांडेकर,लुकस एक्का,आलोक सिंह, सतीश बारी,बालकेश्वर तिर्की,अनूप मेहता, जीवन यादव,अमित सिंह रिंकू,अमित तिवारी राजा,शिवांशु गुप्ता,तरनराज बाबरा सहित कांग्रेसजन शामिल थे।

