22 August 2026
बदहाल सड़क को लेकर फूटा गुस्सा; बोले- मरम्मत के नाम पर बड़े-बड़े बोल्डर डालकर और खतरनाक बना दिया मार्ग सामाजिक कार्यकर्ताओं ने बुलंद की आवाज,
अनियमितता आयोजन देश नियम पहल प्रशासन बड़ी खबर मांग राज्य विरोध समस्या

बदहाल सड़क को लेकर फूटा गुस्सा; बोले- मरम्मत के नाम पर बड़े-बड़े बोल्डर डालकर और खतरनाक बना दिया मार्ग सामाजिक कार्यकर्ताओं ने बुलंद की आवाज,

Sarguja express…..

अधिकारियों के आश्वासन के बाद खत्म हुआ प्रदर्शन

अंबिकापुर। शहर के भारत माता चौक से दरिमा मोड़ तक राष्ट्रीय राजमार्ग की बदहाल स्थिति को लेकर शनिवार को सामाजिक कार्यकर्ताओं का गुस्सा फूट पड़ा। सड़क पर बने गड्ढों और मरम्मत के नाम पर डाले गए बड़े-बड़े बोल्डरों से परेशान सामाजिक कार्यकर्ता बीच सड़क पर बैठ गए और जमकर प्रदर्शन किया। इस दौरान सरगुजा सांसद सहित अन्य जनप्रतिनिधियों को आड़े हाथों लेते हुए नारेबाजी की गई। प्रदर्शनकारियों ने सड़क को तत्काल आवागमन योग्य बनाने की मांग की।
प्रदर्शन में सामाजिक कार्यकर्ता सूजन बिंद, त्रिभुवन सिंह, सुरेश राम बुनकर, राजमणि चौबे, अंकुर सिन्हा सहित अन्य लोग शामिल हुए। प्रदर्शन की सूचना मिलने पर तहसीलदार मौके पर पहुंचे और आंदोलनकारियों से चर्चा की, लेकिन प्रदर्शनकारियों ने राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग के जिम्मेदार अधिकारियों को मौके पर बुलाने की मांग रखी। इसके बाद विभाग के एसडीओ मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों से बातचीत की।
प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि भारत माता चौक से दरिमा मोड़ की सड़क पहले से ही गड्ढों और कीचड़ के कारण बदहाल थी। विभाग ने सुधार के नाम पर गड्ढों में बड़े-बड़े बोल्डर डाल दिए। इससे सड़क पर चलना और मुश्किल हो गया। खासकर दोपहिया वाहन चालकों के लिए बोल्डर दुर्घटना का कारण बन रहे हैं। लोगों का कहना था कि सड़क सुधारने के बजाय विभाग ने नई समस्या खड़ी कर दी है। बरसात के कारण भारत माता चौक से रायगढ़ की ओर जाने वाले मार्ग के कई हिस्सों में बड़े-बड़े गड्ढों में पानी भर गया है। कई स्थानों पर सड़क तालाब जैसी नजर आ रही है। इससे प्रतिदिन इस मार्ग से गुजरने वाले वाहन चालकों को परेशानी झेलनी पड़ रही है।

मंत्री का वाहन फंसा तो आनन-फानन में डाले गए थे बोल्डर

बताया जा रहा है कि पिछले दिनों शासन के एक मंत्री इसी मार्ग से गुजर रहे थे। इस दौरान उनका वाहन सड़क के गड्ढे में फंस गया था। मंत्री की नाराजगी और फटकार के बाद विभाग हरकत में आया और आनन-फानन में गड्ढों को भरने के लिए बड़े-बड़े बोल्डर डाल दिए गए। लेकिन इन बोल्डरों के कारण सबसे ज्यादा परेशानी दोपहिया वाहन चालकों को होने लगी।
इसी समस्या को लेकर शनिवार को सामाजिक कार्यकर्ताओं ने सड़क पर उतरकर विरोध दर्ज कराया। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि जब तक सड़क को सुरक्षित और चलने योग्य नहीं बनाया जाता, तब तक लोगों की परेशानी खत्म नहीं होगी।

विभाग ने कहा- तीन-चार दिन में करेंगे समतलीकरण

राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग के अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को बताया कि सड़क पर सुधार कार्य जारी है। बड़े बोल्डरों के ऊपर छोटी गिट्टी डालकर तीन से चार दिनों के भीतर समतलीकरण कराया जाएगा, जिससे आवागमन में हो रही परेशानी दूर हो सके। अधिकारियों के इस आश्वासन के बाद सामाजिक कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन समाप्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *