Sarguja express…
शादी का झांसा देकर युवती का दैहिक शोषण, आरोपी गिरफ्तार
अंबिकापुर। सरगुजा जिले के बतौली थाना क्षेत्र में शादी का झांसा देकर युवती का दैहिक शोषण करने का मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर बतौली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस ने मामले को महिलाओं के खिलाफ गंभीर अपराध मानते हुए सख्ती से कार्रवाई की है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पीड़िता की पहचान वर्ष 2022 में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक के माध्यम से बतौली निवासी विक्रम सिंह से हुई थी। बातचीत के दौरान दोनों के बीच प्रेम संबंध स्थापित हो गया। आरोप है कि 5 अक्टूबर 2022 को आरोपी विक्रम सिंह पीड़िता के घर पहुंचा और उससे विवाह करने तथा पत्नी बनाकर रखने का आश्वासन देकर अपने घर ले गया। वहां पीड़िता की इच्छा के विरुद्ध उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाया गया।
पीड़िता ने अपनी शिकायत में बताया कि आरोपी ने शादी का भरोसा देकर वर्ष 2022 से 2025 तक कई बार उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। इसी दौरान मई 2025 में युवती गर्भवती हो गई। आरोप है कि आरोपी ने दवा खिलाकर उसका गर्भपात भी करा दिया। इसके बाद आरोपी का व्यवहार बदलने लगा और वर्ष 2026 में उसने पीड़िता से बातचीत बंद कर दी तथा शादी करने से इंकार कर दिया।
घटना से परेशान होकर पीड़ित पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई। 1 मई 2026 को थाना बतौली के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 64 (2) (एम), 69 एवं 88 के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की।
जांच के दौरान बतौली पुलिस ने आरोपी विक्रम सिंह को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर पुलिस ने आरोपी विक्रम सिंह पिता पन्न सिंह, उम्र 22 वर्ष, निवासी गहिला (गौटियापारा), थाना बतौली, जिला सरगुजा को विधिवत गिरफ्तार किया। मेडिकल परीक्षण के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पूरी कार्रवाई थाना प्रभारी बतौली निरीक्षक विवेक सेंगर के नेतृत्व में की गई। मामले की जांच एवं गिरफ्तारी में सहायक उप निरीक्षक संजय गुप्ता, आरक्षक राजेश खलखो, राकेश एक्का तथा महिला आरक्षक मेविश खाखा की सक्रिय भूमिका रही।

