Sarguja express
अंबिकापुर…
फर्जी सोशल मीडिया अकाउंट बनाकर युवती की आपत्तिजनक फोटो-वीडियो पोस्ट करने तथा शादी का झांसा देकर दैहिक शोषण करने के मामले में गांधीनगर पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 01 मई 2026 को पीड़िता ने पुलिस चौकी लटोरी में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसकी पहचान पतरा टोली निवासी अनोज दास से एक शादी समारोह के दौरान हुई थी। इसके बाद दोनों के बीच प्रेम संबंध बन गए। आरोप है कि युवक ने विवाह का झांसा देकर अंबिकापुर के पटपरिया स्थित किराए के मकान में कई बार बुलाकर उसके साथ दुष्कर्म किया।
पीड़िता के अनुसार बाद में आरोपी ने किसी अन्य लड़की से विवाह कर लिया। विरोध करने पर आरोपी ने पीड़िता की निजी और आपत्तिजनक फोटो सोशल मीडिया पर वायरल कर दी तथा दोबारा शारीरिक संबंध बनाने का दबाव भी बनाने लगा, जिससे उसकी सामाजिक प्रतिष्ठा को ठेस पहुंची।
पीड़िता की शिकायत पर चौकी लटोरी में अपराध पंजीबद्ध कर मामला थाना गांधीनगर को सौंपा गया। थाना गांधीनगर में अपराध क्रमांक 245/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 65(1), 64(2), सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम 2000 की धारा 67(बी) तथा पॉक्सो अधिनियम 2012 की धारा 6 के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
जांच के दौरान गांधीनगर पुलिस टीम ने 09 मई 2026 को आरोपी अनोज दास (24 वर्ष) पिता कबीर दास, निवासी सलका पतरा टोली, थाना दरिमा, जिला सरगुजा को गिरफ्तार कर पूछताछ की, जिसमें उसने अपराध स्वीकार कर लिया। मेडिकल परीक्षण के बाद आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पूरे मामले की कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक प्रवीण कुमार द्विवेदी, आरक्षक अरविंद उपाध्याय, ऋषभ सिंह तथा साइबर सेल के आरक्षक अमन पूरी और रमेश रजवाड़े की सक्रिय भूमिका रही।

