5 August 2026
पुराने बस स्टैंड में फिर चोरों का धावा, श्याम जनरल स्टोर से डेढ़ लाख की नकदी समेत सामान पार…..एक माह के भीतर दूसरी बार दुकान बनी निशाना, लगातार चोरी की घटनाओं से व्यापारियों में आक्रोश
क्राइम बड़ी खबर राज्य

पुराने बस स्टैंड में फिर चोरों का धावा, श्याम जनरल स्टोर से डेढ़ लाख की नकदी समेत सामान पार…..एक माह के भीतर दूसरी बार दुकान बनी निशाना, लगातार चोरी की घटनाओं से व्यापारियों में आक्रोश

Sarguja express….

मो,हदीस,

सीतापुर। नगर के पुराने बस स्टैंड क्षेत्र में चोरों ने एक बार फिर पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था को चुनौती देते हुए देर रात श्री श्याम जनरल स्टोर में धावा बोल दिया। अज्ञात चोर दुकान का ताला तोड़कर अंदर घुसे और गल्ले में रखी करीब डेढ़ लाख रुपये की नकदी समेत किराना सामग्री पर हाथ साफ कर दिया। घटना की जानकारी सुबह दुकान संचालक को हुई, जिसके बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।
जानकारी के अनुसार, दुकान संचालक सीताराम गोयल को सुबह चोरी की जानकारी मिली। वे अपने बेटों के साथ दुकान पहुंचे।वहां दुकान के भीतर सामान बिखरा पड़ा था और चोर गल्ला तोड़कर उसमें रखी नकदी ले जा चुके थे। दुकान में रखे अन्य कीमती सामान पर भी चोरों ने हाथ साफ किया है।
बताया जा रहा है कि इसी दुकान को करीब एक माह के भीतर दूसरी बार चोरों ने निशाना बनाया है। इससे पहले भी चोर दुकान का शटर तोड़कर कीमती सामान पार कर चुके हैं। इतना ही नहीं, पुराने बस स्टैंड क्षेत्र में पूर्व में आसपास की दुकानों में भी चोरी की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। इससे व्यापारियों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ गई है।

लगातार चोरी से व्यापारियों में आक्रोश-
पुराने बस स्टैंड में चोरी की घटना की खबर मिलते ही नगर के अन्य व्यापारी और स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए । व्यापारियों ने नगर में बढ़ती चोरी की घटनाओं को लेकर नाराजगी जताते हुए पुलिस की रात्रिकालीन गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए। व्यापारियों का कहना है कि लगातार हो रही वारदातों के बावजूद चोरों के हौसले बुलंद हैं।
पीड़ित व्यापारी ने घटना की शिकायत थाने में दर्ज कराते हुए चोरी गए सामान और नकदी की बरामदगी तथा आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालकर चोरों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
एक ही दुकान में एक माह के भीतर दूसरी चोरी की घटना ने पुलिस की रात्रिकालीन सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। व्यापारियों ने पुलिस प्रशासन से रात में गश्त बढ़ाने और चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *