Sarguja express…..
अंबिकापुर।
शहर के न्यू बस स्टैंड में पेयजल, सफाई और सार्वजनिक सुविधाओं को लेकर लगातार मिल रही शिकायतों के बाद नगर निगम प्रशासन हरकत में आ गया है। शुक्रवार को महापौर परिषद (एमआईसी) सदस्य एवं जल प्रदाय विभाग के प्रभारी जितेन्द्र सोनी तथा सफाई विभाग की प्रभारी ममता तिवारी ने अधिकारियों के साथ न्यू बस स्टैंड का निरीक्षण किया और व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान दोनों जनप्रतिनिधियों ने पेयजल व्यवस्था, सफाई, सार्वजनिक शौचालय, यूरिनल और अन्य मूलभूत सुविधाओं की स्थिति देखी। महापौर श्रीमती मंजूषा भगत के निर्देश पर संबंधित विभागों के अधिकारियों को दो दिवस के भीतर सभी समस्याओं के निराकरण के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के बाद न्यू बस स्टैंड में बंद पड़े वाटर एटीएम और वाटर कूलर को सुधार कर पुनः चालू करा दिया गया है। इसके साथ ही यात्रियों के लिए नियमित पेयजल व्यवस्था को दुरुस्त किया गया। सफाई विभाग द्वारा विशेष सफाई अभियान भी शुरू कर दिया गया है।
नगर निगम अधिकारियों को बस स्टैंड स्थित सार्वजनिक शौचालयों एवं यूरिनल में बिजली व्यवस्था सुधारने, आवश्यक सिविल वर्क कराने तथा दुकान संचालकों को व्यवस्थित करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
शहर के अन्य वाटर एटीएम भी होंगे दुरुस्त
नगर निगम ने जानकारी दी कि अंबिकापुर नगर क्षेत्र में कुल 8 वाटर एटीएम स्थापित हैं। इन्हें शासन द्वारा चयनित एजेंसी के माध्यम से लगाया गया था और पांच वर्षों तक संचालन एवं संधारण की जिम्मेदारी संबंधित फर्म को दी गई थी। लेकिन अपरिहार्य कारणों से एजेंसी द्वारा मरम्मत एवं संधारण कार्य नहीं किए जाने से अधिकांश वाटर एटीएम बंद पड़े थे।
अब महापौर मंजूषा भगत एवं जल प्रभारी जितेन्द्र सोनी के निर्देश पर सभी वाटर एटीएम को चरणबद्ध तरीके से सुधारने का कार्य शुरू किया गया है। प्रथम चरण में न्यू बस स्टैंड, गांधीनगर सब्जी बाजार और गुदरी बाजार स्थित वाटर एटीएम की मरम्मत कर उन्हें चालू कराया गया है।
नगर निगम के अनुसार दूसरे चरण में कंपनी बाजार, सरगांवा उद्यान (वाटर पार्क), जिला अस्पताल, मैरीन ड्राइव तथा स्टेडियम ग्राउंड के सामने लगे वाटर एटीएम का सुधार कार्य कराया जाएगा।
निरीक्षण के दौरान आकाश गुप्ता, अनिल तिवारी, शैलेंद्र शर्मा, जल एवं विद्युत अधिकारी प्रशांत खुल्लर, सफाई विभाग से शक्ति पाण्डेय, स्वर्ण मेहता, राजस्व अधिकारी विजय कुजूर, शिवेंद्र बहादुर सिंह सहित निगम के अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।

