4 July 2026
नदी में नहाने के दौरान अतिथि शिक्षक के 12 वर्षीय बालक की डूबने से मौत, गांव में पसरा मातम
बड़ी खबर राज्य हादसा

नदी में नहाने के दौरान अतिथि शिक्षक के 12 वर्षीय बालक की डूबने से मौत, गांव में पसरा मातम

Sarguja express…..

रामानुजगंज। विकासखंड रामचंद्रपुर के ग्राम विजयनगर में शनिवार को एक हृदय विदारक हादसे में 12 वर्षीय बालक की नदी में डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम विजयनगर निवासी एवं अतिथि शिक्षक शिवलाल यादव के छोटे पुत्र विनोद यादव उर्फ डिंपल (12 वर्ष), जो इस वर्ष कक्षा आठवीं में प्रवेश लिया था, शनिवार दोपहर करीब 12 बजे घर से लगभग 200 मीटर दूर स्थित बाकी नदी में अपने दो दोस्तों के साथ नहाने गया था। नहाने के दौरान वह अचानक नदी के गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा।


बताया जाता है कि उसके एक साथी ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन उसका हाथ छूट गया और विनोद गहरे पानी में समा गया। घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए। गांव के ही पवन यादव ने साहस का परिचय देते हुए करीब 12 फीट गहरे पानी में उतरकर लगातार खोजबीन की और लगभग आधे घंटे बाद बालक के शव को बाहर निकाला।
घटना की सूचना मिलते ही विजयनगर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पोस्टमार्टम कराया और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।
घटना की खबर फैलते ही क्षेत्र में शोक का माहौल बन गया। अस्पताल पहुंचे अतिथि शिक्षक संघ के संरक्षक यशपाल दुबे सहित संघ के अन्य पदाधिकारियों ने शोकाकुल परिवार से मुलाकात कर गहरी संवेदना व्यक्त की तथा इस दुखद घड़ी में परिवार को ढांढस बंधाया।
एक होनहार बालक की असमय मृत्यु से पूरे विजयनगर गांव में मातम पसरा हुआ है। अंतिम दर्शन के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे और सभी की आंखें नम हो गईं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *