3 November 2026
धोंधा गांव में अंधरवा नदी पर बनी पुलिया क्षतिग्रस्त, 20 ग्राम पंचायतों के आवागमन पर संकट….13 अगस्त की अतिवृष्टि में टूटी पुलिया, स्कूली बच्चों से लेकर किसानों और व्यापारियों तक को हो रही परेशानी, ग्रामीणों ने एसडीएम को सौंपा ज्ञापन
अनियमितता ख़बर जरा हटके देश प्रशासन मांग राज्य विडम्बना विरोध शिकायत

धोंधा गांव में अंधरवा नदी पर बनी पुलिया क्षतिग्रस्त, 20 ग्राम पंचायतों के आवागमन पर संकट….13 अगस्त की अतिवृष्टि में टूटी पुलिया, स्कूली बच्चों से लेकर किसानों और व्यापारियों तक को हो रही परेशानी, ग्रामीणों ने एसडीएम को सौंपा ज्ञापन

Sarguja express

प्रतापपुर। सूरजपुर जिले के प्रतापपुर विकासखंड अंतर्गत ग्राम धोंधा में अंधरक्वां नदी पर बनी पुलिया क्षतिग्रस्त होने से क्षेत्र के ग्रामीणों के सामने आवागमन का गंभीर संकट खड़ा हो गया है। ग्रामीणों के अनुसार, वर्ष 2010-11 में निर्मित पुलिया 13 अगस्त 2026 को हुई अतिवृष्टि के दौरान टूटकर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई थी। इसके बाद से आवागमन पूरी तरह बाधित है, जिससे लगभग 20 ग्राम पंचायतों के लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि उक्त पुलिया क्षेत्र के लोगों के लिए आवागमन का प्रमुख साधन थी। इसके माध्यम से ग्रामीणों, स्कूली छात्र-छात्राओं, किसानों और व्यापारियों का आना-जाना होता था। पुलिया क्षतिग्रस्त होने के कारण बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है, वहीं किसानों और व्यापारियों को भी अपने दैनिक कार्यों के लिए कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों के अनुसार, पुलिया की स्थिति और आवागमन में आ रही बाधा से जिला प्रशासन एवं स्थानीय विधायक को भी अवगत कराया जा चुका है। इसके बावजूद अब तक समस्या के समाधान के लिए कोई ठोस पहल नहीं होने से ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ रही है। ग्रामीणों का कहना है कि वैकल्पिक आवागमन की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण आम जनजीवन प्रभावित हो रहा है।

15 दिन का अल्टीमेटम, आंदोलन की चेतावनी

इस संबंध में स्थानीय ग्रामीणों ने अनुविभागीय दंडाधिकारी (एसडीएम), प्रतापपुर को ज्ञापन सौंपकर क्षतिग्रस्त पुलिया की मरम्मत कराने तथा आवागमन की सुविधा बहाल करने की मांग की है। ज्ञापन में चेतावनी दी गई है कि यदि 15 दिनों के भीतर समस्या के समाधान के लिए कोई सकारात्मक पहल नहीं की जाती है, तो ग्रामीण धरना-प्रदर्शन सहित आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे। ग्रामीणों ने स्पष्ट किया है कि ऐसी स्थिति में शासन-प्रशासन की जिम्मेदारी तय होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *