14 August 2026
दोपहिया वाहन चोरी मामले में एक आरोपी गिरफ्तार, तीन मोटरसाइकिल बरामद
कार्रवाई क्राइम राज्य

दोपहिया वाहन चोरी मामले में एक आरोपी गिरफ्तार, तीन मोटरसाइकिल बरामद

Sarguja express……


अंबिकापुर। सरगुजा जिले में दोपहिया वाहन चोरी के मामले में बतौली, लुण्ड्रा और मणिपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की तीन दोपहिया वाहन बरामद किए हैं। मामले में दो विधि से संघर्षरत बालकों की संलिप्तता भी सामने आई है।
पुलिस के अनुसार, ग्राम देवरी डुमरपारा निवासी गिरधारी किस्पोट्टा ने थाना बतौली में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसकी मोटरसाइकिल एचएफ डीलक्स क्रमांक CG15DE1621 को 2 अगस्त की रात घर के आंगन में खड़ा किया गया था। 3 अगस्त की सुबह मोटरसाइकिल गायब मिली। रिपोर्ट पर थाना बतौली में अपराध क्रमांक 100/26 के तहत धारा 303(2) बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस को सागर कुजूर निवासी बेलकोटा (भगतपारा) पर संदेह हुआ। पुलिस द्वारा उसे कई बार नोटिस देकर जांच में सहयोग करने के लिए थाना बुलाया गया, लेकिन वह उपस्थित नहीं हुआ। इसके बाद पुलिस टीम ने उसकी तलाश कर उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की।
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी ने देवरी डुमरपारा से एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल चोरी करने की बात स्वीकार की। साथ ही उसने अपने साथियों के साथ ग्राम बरगीडीह से एचएफ डीलक्स क्रमांक CG15DZ9655 तथा अम्बिकापुर के मेण्ड्राकला क्षेत्र से एक्टिवा स्कूटी क्रमांक CG15EE9186 चोरी करना भी स्वीकार किया। आरोपी के मेमोरण्डम के आधार पर पुलिस ने चोरी की तीनों दोपहिया वाहन बरामद कर लिए।
पुलिस ने मामले में छोटे संगठित अपराध की धारा 112 बीएनएस तथा सामान्य आशय से अपराध किए जाने पर धारा 3(5) बीएनएस भी जोड़ी है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान सागर कुजूर उर्फ बुतरू पिता मोतीलाल कुजूर, निवासी बेलकोटा (भगतपारा), थाना बतौली, जिला सरगुजा के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया है। मामले में शामिल दो विधि से संघर्षरत बालकों के संबंध में भी नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।
इस कार्रवाई में थाना बतौली प्रभारी निरीक्षक विवेक सेंगर, प्रशिक्षु उप निरीक्षक शिव कुमार ध्रुव, सऊनि अरुण गुप्ता सहित बतौली पुलिस टीम तथा थाना मणिपुर प्रभारी उप निरीक्षक सीपी तिवारी और लुण्ड्रा थाना प्रभारी निरीक्षक प्रदीप जायसवाल सहित संबंधित पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *