Sarguja express…..

अंबिकापुर। मवेशी तस्करी के मामले में बतौली पुलिस ने कार्रवाई करते हुए झारखंड के गुमला निवासी एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी अयान अहमद को हिरासत में लेकर पूछताछ के बाद गिरफ्तार किया। मामले में अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार, 17 जनवरी 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक पिकअप वाहन में मवेशियों को क्रूरतापूर्वक भरकर छत्तीसगढ़ से झारखंड स्थित बूचड़खाने ले जाया जा रहा है। सूचना पर बतौली पुलिस ने ग्राम बोदा-बगीचा रोड पर घोषरा पखना खेत के पास पहुंचकर कार्रवाई की। इस दौरान पिकअप वाहन का पिछला चक्का का नट-बोल्ट टूट जाने के कारण वाहन चालक और मवेशी तस्कर वाहन तथा मवेशियों को छोड़कर फरार हो गए थे।
पुलिस ने मौके से पिकअप वाहन क्रमांक जेएच-०१-एफवाई-८४०० तथा उसमें ठूंस-ठूंसकर भरे गए १३ मवेशियों को बरामद किया। इनमें छह गाय और सात बछिया शामिल थीं। पुलिस ने मामले में वाहन चालक एवं मवेशी तस्करों के खिलाफ अपराध दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की।
वाहन के पंजीयन नंबर के आधार पर पुलिस अधिकारियों के मार्गदर्शन में विशेष टीम गठित कर झारखंड भेजी गई। जांच के दौरान वाहन स्वामी सहित अन्य संबंधित लोगों से पूछताछ की गई। पुलिस को जांच में पिकअप वाहन के माध्यम से मवेशियों की तस्करी किए जाने से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी मिली।
इसी दौरान पुलिस ने अयान अहमद पिता मोहम्मद अशगर, उम्र २१ वर्ष, निवासी गुमला, झारखंड को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, आरोपी से पूछताछ में मवेशियों को झारखंड ले जाकर तस्करी किए जाने के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी सामने आई। जांच के दौरान आरोपी के मोबाइल फोन से पिकअप वाहन में मवेशी तस्करी से संबंधित वीडियो भी बरामद हुआ।
पुलिस ने आरोपी को विवेचना में सहयोग करने के लिए धारा ३५(३) भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता के तहत नोटिस जारी किया था, लेकिन आरोपी उपस्थित नहीं हुआ। विवेचना में उसकी संलिप्तता पाए जाने पर मामले में धारा ३(५) भारतीय न्याय संहिता जोड़ी गई।
पुलिस के मुताबिक आरोपी दूसरे राज्य का निवासी है और आवश्यक होने पर उसके उपस्थित होने की संभावना नहीं होने के कारण उसे गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तारी की सूचना उसके परिजनों को दी गई है। मामले में अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी अभी बाकी है और पुलिस की विवेचना जारी है।
बरामद सामग्री
१३ नग मवेशी
मवेशी तस्करी में प्रयुक्त पिकअप वाहन क्रमांक जेएच-०१-एफवाई-८४००
कार्रवाई में थाना बतौली प्रभारी निरीक्षक विवेक सेंगर, सहायक उप निरीक्षक अरुण गुप्ता, आरक्षक राकेश एक्का और आरक्षक विकास एक्का की सक्रिय भूमिका रही। पुलिस द्वारा मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

