16 August 2026
जर्जर एनएच-43 के गड्ढे में भरे पानी से नहाकर जताया विरोध……अंबिकापुर-रायगढ़ मार्ग की बदहाली से फूटा आक्रोश, सामाजिक कार्यकर्ताओं ने कहा—आश्वासन नहीं, अब चाहिए सड़क
समस्या आरोप ख़बर जरा हटके देश बड़ी खबर मांग राज्य विडम्बना विरोध

जर्जर एनएच-43 के गड्ढे में भरे पानी से नहाकर जताया विरोध……अंबिकापुर-रायगढ़ मार्ग की बदहाली से फूटा आक्रोश, सामाजिक कार्यकर्ताओं ने कहा—आश्वासन नहीं, अब चाहिए सड़क

Sarguja express…..
अंबिकापुर। अंबिकापुर-रायगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग-43 की बदहाल स्थिति को लेकर लोगों का आक्रोश अब अनोखे विरोध के रूप में सामने आने लगा है। लंबे समय से जर्जर सड़क की मरम्मत नहीं होने से नाराज सामाजिक कार्यकर्ताओं ने सड़क पर बने गड्ढों में जमा गंदे पानी से स्नान कर सरकार और प्रशासन के खिलाफ विरोध दर्ज कराया। प्रदर्शन के जरिए कार्यकर्ताओं ने सड़क की दुर्दशा की ओर जिम्मेदार अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों का ध्यान आकर्षित करने का प्रयास किया।
सामाजिक कार्यकर्ताओं का आरोप है कि राष्ट्रीय राजमार्ग-43 की स्थिति लंबे समय से खराब बनी हुई है। सड़क पर जगह-जगह बड़े गड्ढे हो गए हैं और बारिश के दौरान इनमें पानी भरने से वाहन चालकों के लिए परेशानी और बढ़ जाती है। गड्ढों के कारण दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है। खासकर दोपहिया वाहन चालकों को मार्ग से गुजरने में काफी सावधानी बरतनी पड़ रही है।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि सड़क की मरम्मत और निर्माण को लेकर नेताओं, मंत्रियों एवं जिम्मेदार अधिकारियों की ओर से कई बार आश्वासन दिए गए, लेकिन धरातल पर अपेक्षित सुधार दिखाई नहीं दिया। लगातार मिल रहे आश्वासनों से परेशान होकर उन्होंने गड्ढे में भरे पानी से स्नान कर प्रतीकात्मक विरोध करने का फैसला किया।
कार्यकर्ताओं ने मांग की है कि राष्ट्रीय राजमार्ग की मरम्मत एवं निर्माण कार्य शीघ्र शुरू कराया जाए, ताकि आम लोगों को राहत मिल सके। उन्होंने चेतावनी दी कि सड़क की स्थिति में जल्द सुधार नहीं हुआ तो आने वाले दिनों में आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *