Sarguja express….
अंबिकापुर/लुण्ड्रा। सरगुजा जिले के लुण्ड्रा थाना क्षेत्र में आपसी विवाद के दौरान गैती से हमला कर युवक की हत्या करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त गैती भी बरामद कर ली गई है।
पुलिस के अनुसार राईखुर्द निवासी तिलसाय ने थाना लुण्ड्रा में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसका भाई जीतू नागेश 2 जुलाई की सुबह खेत में हल जोतने गया था। सुबह करीब 10:15 बजे सूचना मिली कि गांव के झकड़ी उर्फ बुधराम बरगाह ने गैती से उस पर हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया है। परिजन घायल को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मामले में पुलिस ने अपराध क्रमांक 155/26 के तहत धारा 103(1) बीएनएस के अंतर्गत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान घटनास्थल का निरीक्षण, गवाहों के बयान एवं अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपी झकड़ी उर्फ बुधराम बरगाह (60 वर्ष), निवासी राईखुर्द को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में आरोपी ने आपसी विवाद के चलते गैती से हमला कर हत्या करना स्वीकार किया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त गैती जब्त कर उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
यह कार्रवाई डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा के निर्देशन में थाना प्रभारी निरीक्षक प्रदीप जायसवाल के नेतृत्व में की गई। कार्रवाई में सहायक उपनिरीक्षक नारायण सिंह, आरक्षक इबनुल खान, राजकुमार यादव एवं दिलीप मिंज की सक्रिय भूमिका रही।

