22 September 2026
किराये के मकान के पास अवैध शराब बेचते युवक गिरफ्तार….उदयपुर पुलिस की कार्रवाई, 38 लीटर शराब व 26,740 रुपये का माल जब्त
कार्रवाई क्राइम राज्य

किराये के मकान के पास अवैध शराब बेचते युवक गिरफ्तार….उदयपुर पुलिस की कार्रवाई, 38 लीटर शराब व 26,740 रुपये का माल जब्त

Sarguja express…..

अंबिकापुर। सरगुजा पुलिस द्वारा आबकारी अधिनियम के तहत अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत उदयपुर थाना पुलिस ने एक युवक को अवैध शराब बिक्री करते गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से विभिन्न ब्रांडों की करीब 38 लीटर शराब जब्त की गई है, जिसकी कुल कीमत 26 हजार 740 रुपये आंकी गई है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार डीआईजी एवं एसएसपी राजेश कुमार अग्रवाल के निर्देश पर जिलेभर में आबकारी एक्ट के मामलों में लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में 6 जून 2026 को थाना उदयपुर पुलिस पेट्रोलिंग और ग्राम भ्रमण पर निकली थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि भंडारगांव में एक युवक अपने किराये के मकान के पास अवैध रूप से अंग्रेजी शराब बेच रहा है।
सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस टीम गवाहों के साथ मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर कार्रवाई की। मौके पर मिले युवक ने पूछताछ में अपना नाम अभिषेक यादव (24 वर्ष) निवासी रोपाखार, थाना कमलेश्वरपुर तथा वर्तमान निवासी भंडारगांव थाना उदयपुर बताया। तलाशी के दौरान आरोपी के मकान से तीन अलग-अलग कार्टूनों में रखी विभिन्न ब्रांडों की शराब बरामद की गई। जब्त शराब में गोल्डन गोवा, रॉयल चैलेंजर व्हिस्की, रॉयल स्टेज व्हिस्की, आईबी, मैजिक मूवमेंट वोडका, मैकडॉवेल, सिम्बा बियर सहित देशी मसाला और यूनिक देशी शराब शामिल है। कुल 38 लीटर शराब की कीमत 26,740 रुपये बताई गई है।
पुलिस द्वारा वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा गया, लेकिन आरोपी कोई दस्तावेज नहीं दिखा सका। इसके बाद शराब को जब्त कर आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज किया गया।
पुलिस जांच में आरोपी द्वारा अवैध रूप से शराब बिक्री किए जाने के पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर उसे विधिवत गिरफ्तार किया गया। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक शिशिरकांत सिंह के नेतृत्व में प्रधान आरक्षक रवि सिंह, संजय नागेश तथा आरक्षक रविंद्र साहू, देवेंद्र सिंह, अजय शर्मा और प्रवीण सैनिक नीरज की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि जिले में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *