Sarguja express
दूल्हे पक्ष से 2 लाख नकद व जेवर लेने का दावा, वापस लाने पहुंचे तो मांगे 50 हजार और; पुलिस अधीक्षक से न्याय की गुहार
अंबिकापुर। सरगुजा जिले के लखनपुर थाना क्षेत्र से शादी के नाम पर कथित ठगी का मामला सामने आया है। मध्यप्रदेश निवासी रामकली बाई ने पुलिस अधीक्षक सरगुजा को लिखित शिकायत सौंपकर मामले की जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। शिकायत में विवाह कराने वाले मध्यस्थों पर भी गंभीर आरोप लगाए गए हैं।
शिकायत के मुताबिक, रामकली बाई के पुत्र तुलसीदास लोधी का विवाह 23 मई 2026 को लखनपुर क्षेत्र के जमगला निवासी एक युवती से कराया गया था। विवाह कराने में जमगला निवासी दो मध्यस्थों की भूमिका बताई गई है। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि शादी के दौरान दूल्हे पक्ष से 1 लाख रुपये नकद और करीब 1 लाख रुपये के जेवरात लिए गए थे।
बताया गया कि विवाह के बाद नवविवाहिता करीब तीन दिन तक ससुराल में रही। इसके बाद चौथे दिन रात में शौचालय जाने की बात कहकर वह घर से बाहर निकली और वापस नहीं लौटी। परिजनों का आरोप है कि कुछ लोग उसे चुपचाप अपने साथ ले गए।
शिकायतकर्ता पक्ष के अनुसार, जब परिजन युवती को वापस लाने के लिए पहुंचे तो उनसे कथित तौर पर 50 हजार रुपये की अतिरिक्त मांग की गई। इसके बाद पीड़ित परिवार को आशंका हुई कि विवाह के नाम पर उनके साथ सुनियोजित तरीके से ठगी की गई है।
पीड़ित पक्ष ने आर्थिक नुकसान के साथ मानसिक प्रताड़ना का भी आरोप लगाया है। मामले में 6 अगस्त 2026 को लखनपुर थाने में आवेदन देकर कथित रूप से ठगी करने वालों के खिलाफ मामला दर्ज करने, दिए गए रुपये और जेवर वापस दिलाने की मांग की गई। थाने में अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने का आरोप लगाते हुए अब पुलिस अधीक्षक सरगुजा को लिखित शिकायत देकर न्याय की गुहार लगाई गई है।
पीड़ित परिवार ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर विवाह कराने वाले मध्यस्थों सहित कथित रूप से शामिल अन्य लोगों की भूमिका की जांच करने और दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है। मामले में लगाए गए आरोपों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

