Sarguja express
कोणार्क रेसिडेंस कॉलोनी में वारदात, मुख्य गेट का सेंट्रल लॉक तोड़कर घर में घुसे चोर;
अंबिकापुर। शहर में चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा मामला गांधीनगर थाना क्षेत्र स्थित कोणार्क रेसिडेंस कॉलोनी का है, जहां नेशनल हाईवे विभाग में पदस्थ सब इंजीनियर रितेश सिंह के सूने मकान को शातिर चोरों ने निशाना बनाते हुए करीब 20 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवरात पर हाथ साफ कर दिया। वारदात शनिवार और रविवार की दरम्यानी रात की बताई जा रही है। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है, वहीं कॉलोनी की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो गए हैं।
जानकारी के अनुसार, सब इंजीनियर रितेश सिंह अपने परिवार के साथ काशी विश्वनाथ मंदिर के दर्शन के लिए वाराणसी गए हुए थे। इसी दौरान चोरों ने उनके मकान को निशाना बनाया। बताया जा रहा है कि बदमाशों ने सबसे पहले घर के मुख्य गेट का सेंट्रल लॉक तोड़ा और फिर अंदर प्रवेश कर गए। इसके बाद उन्होंने पूरे घर की बारीकी से तलाशी ली और सभी कमरों को खंगाल डाला।
चोरों ने घर में रखी अलमारियों के ताले तोड़कर उनमें रखे सोने-चांदी के कीमती जेवरात चोरी कर लिए। इतना ही नहीं, अपनी पहचान छिपाने और पुलिस को कोई सुराग न मिल सके, इसके लिए घर में लगे सीसीटीवी कैमरों का डीवीआर (डिजिटल वीडियो रिकॉर्डर) भी अपने साथ ले गए। इससे वारदात की रिकॉर्डिंग भी पुलिस के हाथ नहीं लग सकी।
पीड़ित परिवार जब बीती रात वाराणसी से वापस लौटा तो घर के मुख्य गेट का लॉक टूटा मिला। बाहर से ताला क्षतिग्रस्त था, जबकि अंदर से दरवाजा बंद था। किसी तरह अंदर प्रवेश करने पर घर का पूरा सामान बिखरा पड़ा मिला। अलमारियां टूटी हुई थीं और उनमें रखे जेवरात गायब थे। इसके बाद तत्काल गांधीनगर थाना पुलिस को सूचना दी गई।सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।

