Sarguja express……
अंबिकापुर। पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब के जन्मदिन के अवसर पर शहर में जश्ने ईद मिलादुन्नबी श्रद्धा, शालीनता और उत्साह के साथ मनाया गया। इस दौरान अंबिकापुर में मजहबी सद्भाव, आपसी मोहब्बत और कौमी एकता की खूबसूरत तस्वीर देखने को मिली। शहर के विभिन्न मोहल्लों से निकले जुलूस मुख्य मार्गों से होते हुए कला केंद्र मैदान पहुंचे। रास्ते में सर्व समाज एकता मंच सहित विभिन्न समाजों के लोगों ने जुलूस का स्वागत कर आपसी भाईचारे का संदेश दिया।

सीरतुननबी कमेटी अंबिकापुर की ओर से कला केंद्र मैदान में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में विभिन्न धर्मों, समाजों और वर्गों के धर्मगुरु, प्रबुद्धजन एवं बड़ी संख्या में शहरवासी शामिल हुए। एक ही मंच पर अलग-अलग धर्मों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी ने कार्यक्रम को सर्वधर्म सद्भाव और सामाजिक समरसता का स्वरूप दिया।

कार्यक्रम को ईसाई समाज के धर्मगुरु बिशप स्वामी डॉ. एंथोनी बड़ा, सिख समाज के हरदीप सिंह जिंदल, हिंदू धर्म के वक्ता अंजनी कुमार पांडे तथा मुस्लिम धर्मगुरु मौलाना सगीर मिस्बाही, मौलाना हमीद रजा और शफी अहमद ने संबोधित किया।
वक्ताओं ने पैगंबर मोहम्मद साहब के जीवन और उनकी शिक्षाओं पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उन्होंने इंसानियत, न्याय, महिला अधिकार, अहिंसा, ईमानदारी, अनुशासन और दूसरे धर्मों के सम्मान का संदेश दिया। वक्ताओं ने लोगों से नफरत और भेदभाव से दूर रहकर आपसी प्रेम और सद्भाव के साथ रहने की अपील की। देशप्रेम का संदेश देते हुए समाज और राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों को ईमानदारी से निभाने पर भी जोर दिया गया। जिला पंचायत सरगुजा के पूर्व उपाध्यक्ष आदित्येश्वर शरण सिंहदेव ने सीरतुननबी कमेटी के आयोजन की सराहना की। उन्होंने कहा कि कमेटी द्वारा प्रतिवर्ष सभी वर्गों और धर्मों के लोगों को एक मंच पर लाकर सांप्रदायिक सद्भाव की मिसाल पेश की जाती है। ऐसे प्रयास शहर के आपसी भाईचारे और सामाजिक समरसता को मजबूती देते हैं। कार्यक्रम में स्वागत भाषण सीरतुननबी कमेटी के अध्यक्ष मेराज गुड्डू ने दिया। संचालन फैजान अहमद ने किया, जबकि कार्यकारी अध्यक्ष नियाजउद्दीन खान निक्की ने आभार व्यक्त किया। आयोजन के माध्यम से शहरवासियों ने शांति, सद्भाव, आपसी सम्मान और कौमी एकता बनाए रखने का साझा संकल्प लिया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में कमेटी के हाजी रहमत खान,यासीन अंसारी,पार्षद हसन खान,अख्तर सिद्दीकी, बाबर इदरीशी , शादाब आलम रिज़वी,हाजी अख्तर,मो.जाकिर , सादिक खान,कमाल खान, गुलशेर खान, साबिर मुन्ना,अशफाक कमर,सलमान इंजीनियर, हाजी रिजवान , मो.वसीम,सहित अन्य थे.

इस अवसर पर शफी अहमद ,मोहम्मद इस्लाम, इरफ़ान सिद्दीकी,जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष बालकृष्ण पाठक,अशफाक अली, रशीद अंसारी, दानिश रफीक,नगर पालिका निगम के सभापति हरविंदर सिंह टिनी, विद्यानंद मिश्रा, संजय अंबष्ट मिश्र, द्वितेंद्र मिश्रा, आलोक दुबे, संजय मितल, प्रकाश, परवेज आलम, रियाजुल,जिलानी खान, इसरार अहमद, सादिक हुसैन, तनवीर, सनउवर हुसैन , तनवीर, सिकंदर, इरफान, हनीफ, मुजीबुल रहमान, सद्दाम खान,जमाल खान,आरजू, नसीम, खान,नखान,कलाम,अविनाश, दुर्गेश गुप्ता आदि उपस्थित थे।

होनहार विद्यार्थियों और खिलाड़ियों का सम्मान
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्धि हासिल करने वाली प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। कक्षा 10वीं एवं 12वीं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों के साथ बॉक्सिंग, हैंडबॉल, शूटिंग, कुश्ती और कैरम में जिला एवं राज्य स्तर पर अंबिकापुर का नाम रोशन करने वाले खिलाड़ियों को पुरस्कार प्रदान किए गए। यूपीएससी और सीजीपीएससी में सफलता हासिल करने वाले युवाओं का भी सम्मान किया गया। समाजसेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य के लिए रजा यूनिटी फाउंडेशन, गौ सेवा मंडल और मुस्लिम युवा मंच सहित शहर के मदरसों के होनहार विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। आयोजन में विशेष योगदान देने वाले मसूद आलम और फैजान अहमद के साथ विभिन्न मोहल्लों की सजावट में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली कमेटियों को भी पुरस्कृत किया गया।

सर्व समाज एकता मंच ने पुष्पवर्षा से किया स्वागत
जुलूस के दौरान सर्व समाज एकता मंच अंबिकापुर की ओर से भव्य स्वागत किया गया। मंच से जुड़े विभिन्न समाजों के प्रतिनिधियों और गणमान्य नागरिकों ने पुष्पवर्षा एवं माल्यार्पण कर जुलूस में शामिल लोगों का अभिनंदन किया। इस दौरान सभी ने एक-दूसरे को गले लगाकर शांति, सौहार्द और भाईचारा बनाए रखने का संदेश दिया। मंच के प्रतिनिधियों ने कहा कि किसी भी शहर और समाज की प्रगति आपसी एकता, विश्वास और शांति पर निर्भर करती है। हर वर्ग को भेदभाव से ऊपर उठकर एक-दूसरे का सम्मान करना चाहिए। ऐसे आयोजन अंबिकापुर की गंगा-जमुनी तहजीब और सामाजिक समरसता को और मजबूत करते हैं।







