Sarguja express….
मो. हदीस, सीतापुर-पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब की पैदाइश की खुशी में ईद मिलादुन्नबी का पर्व सीतापुर में अकीदत, उत्साह और आपसी भाईचारे के साथ मनाया गया। इस अवसर पर मुस्लिम कमेटी की ओर से मस्जिद परिसर में परचम कुशाई की रस्म अदा की गई। इसके बाद कमेटी के सदस्यों ने अस्पताल पहुंचकर भर्ती मरीजों के बीच फल वितरित किए और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की दुआ की।
इस मौके पर मौलाना नौनिहालों अशरफी ने पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब के जीवन और उनकी शिक्षाओं पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि पैगंबर साहब ने पूरी मानवता को इंसानियत, अमन, मोहब्बत, भाईचारे, समानता और जरूरतमंदों की मदद का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि हजरत मोहम्मद साहब का पूरा जीवन सादगी, सत्य, धैर्य, त्याग और करुणा की मिसाल रहा। उन्होंने गरीबों, बेसहारा और कमजोर लोगों के प्रति संवेदना रखने तथा सभी इंसानों के साथ प्रेम और सद्भाव से पेश आने की सीख दी। मौलाना ने समाज के लोगों से पैगंबर साहब की शिक्षाओं को अपने जीवन में उतारने और उनके बताए नेक रास्ते पर चलने की अपील की।

जगह-जगह हुआ स्वागत, बांटे फल-सरबत
मिलादुन्नबी के अवसर पर इसके बाद भव्य रैली निकाली गई। रैली नगर के विभिन्न मार्गों से होते हुए केशला पहुंची, जहां फातेहा पढ़ी गई। इसके बाद रैली कारबेल पहुंची, जहां भी फातेहा की रस्म अदा की गई। कारबेल से रैली पुनः सीतापुर नगर पहुंची और विभिन्न मार्गों का भ्रमण करते हुए मस्जिद परिसर पहुंची।
रैली के दौरान जगह-जगह लोगों ने स्वागत करते हुए लंगर, पानी, फल और शरबत की व्यवस्था की। रैली में सीतापुर विधानसभा क्षेत्र के केशला, ढेलसरा, कारबेल, तेलाईधार, टोकोपारा, घाघीपारा, विशुनपुर, पेंट, मैनपाट सहित विभिन्न क्षेत्रों की मुस्लिम कमेटियों के पदाधिकारी, सदस्य एवं बड़ी संख्या में समाज के लोग शामिल हुए।

रैली के मस्जिद परिसर पहुंचने के बाद सामूहिक लंगर का आयोजन किया गया। इसी के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। पूरे आयोजन में अमन, इंसानियत, आपसी भाईचारे और सामाजिक सौहार्द का संदेश प्रमुखता से दिया गया। ईद मिलादुन्नबी के आयोजन ने क्षेत्र में धार्मिक सद्भाव और एकता की भावना को भी मजबूत किया। इस पूरे कार्यक्रम में पुलिस की चाकचौबंद व्यवस्था थी।

