4 July 2026
आईएमए छत्तीसगढ़ में सरगुजा का बढ़ा गौरव : डॉ॰ अर्पण सिंह चौहान एवं डॉ॰ पीयू प्रकाश सक्सेना बने जूनियर चिकित्सक नेटवर्किंग (JDN) के स्टेट चेयरपर्सन
ख़बर जरा हटके देश नियम नियुक्ति राज्य स्वास्थ

आईएमए छत्तीसगढ़ में सरगुजा का बढ़ा गौरव : डॉ॰ अर्पण सिंह चौहान एवं डॉ॰ पीयू प्रकाश सक्सेना बने जूनियर चिकित्सक नेटवर्किंग (JDN) के स्टेट चेयरपर्सन

Sarguja express……

अंबिकापुर/रायपुर। इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (IMA), छत्तीसगढ़ राज्य शाखा द्वारा जूनियर चिकित्सक नेटवर्किंग (JDN) के स्टेट चेयरपर्सन पद पर डॉ॰ अर्पण सिंह चौहान एवं डॉ॰ पीयू प्रकाश सक्सेना की नियुक्ति किए जाने से चिकित्सा जगत एवं सरगुजा संभाग में हर्ष और गौरव का वातावरण है।

डॉ॰ अर्पण सिंह चौहान वर्तमान में आईएमए सरगुजा के सचिव के रूप में संगठन को सशक्त नेतृत्व प्रदान कर रहे हैं। वहीं डॉ॰ पीयू प्रकाश सक्सेना भी चिकित्सा एवं संगठनात्मक गतिविधियों में अपनी सक्रिय और प्रभावी भूमिका के लिए जाने जाते हैं। दोनों चिकित्सकों को यह महत्वपूर्ण दायित्व सौंपा जाना उनकी कार्यकुशलता, नेतृत्व क्षमता एवं संगठन के प्रति समर्पण का प्रमाण माना जा रहा है।

इस अवसर पर आईएमए छत्तीसगढ़ के चेयरमैन डॉ॰ अनूप वर्मा ने दोनों नव-नियुक्त स्टेट चेयरपर्सनों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि उनके नेतृत्व में जूनियर चिकित्सक नेटवर्किंग (JDN) प्रदेश में और अधिक सक्रिय, सशक्त एवं प्रभावी बनेगी तथा संगठन को नई ऊर्जा और नई दिशा प्राप्त होगी।

वहीं आईएमए सरगुजा के चेयरमैन डॉ॰ अजय तिर्की ने कहा कि यह नियुक्ति केवल दो चिकित्सकों का सम्मान नहीं, बल्कि पूरे सरगुजा अंचल के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने विश्वास जताया कि दोनों अपने दायित्वों का उत्कृष्ट निर्वहन करते हुए संगठन की गरिमा एवं प्रतिष्ठा को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाएंगे।

इस नियुक्ति के पश्चात आईएमए सरगुजा के सभी सदस्यों, जूनियर डॉक्टरों तथा शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय, अंबिकापुर के विद्यार्थियों में उत्साह, गर्व एवं उल्लास का वातावरण है। सभी ने इसे सरगुजा के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि बताते हुए दोनों चिकित्सकों को शुभकामनाएँ प्रेषित की हैं तथा विश्वास व्यक्त किया है कि उनके नेतृत्व में संगठनात्मक गतिविधियों को नई गति एवं व्यापक विस्तार मिलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *