30 August 2026
अंबिकापुर में 19-20 सितंबर को सजेगा अग्र महाकुंभ-2026 का भव्य मंच…..प्रदेशभर से जुटेंगे अग्रबंधु, प्रांतीय अधिवेशन के साथ होगा दशम् अग्र अलंकरण समारोह,युवा-महिला सत्र, वैचारिक मंथन, कवि सम्मेलन और सांस्कृतिक संध्या होंगे प्रमुख आकर्षण
आयोजन देश पहल राज्य सूचना

अंबिकापुर में 19-20 सितंबर को सजेगा अग्र महाकुंभ-2026 का भव्य मंच…..प्रदेशभर से जुटेंगे अग्रबंधु, प्रांतीय अधिवेशन के साथ होगा दशम् अग्र अलंकरण समारोह,युवा-महिला सत्र, वैचारिक मंथन, कवि सम्मेलन और सांस्कृतिक संध्या होंगे प्रमुख आकर्षण

Sarguja express…. (दीपक सराठे )

अंबिकापुर। मां महामाया की नगरी अंबिकापुर में 19 एवं 20 सितंबर को तृतीय अग्र महाकुंभ-2026, प्रांतीय अधिवेशन एवं दशम् अग्र अलंकरण समारोह का दो दिवसीय भव्य आयोजन किया जाएगा। सरगुजा संभागीय अग्रवाल महासभा एवं श्री अग्रवाल सभा अंबिकापुर के आतिथ्य में होने वाले आयोजन में प्रदेशभर से अग्रवाल समाज के पदाधिकारी, प्रतिनिधि एवं अग्रबंधु शामिल होंगे। आयोजन को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। विभिन्न समितियां अपने-अपने दायित्वों को पूरा करने में जुटी हैं और प्रदेशभर में पंजीयन प्रक्रिया भी शुरू हो चुकी है।
अग्र महाकुंभ-2026 के मीडिया प्रभारी मनोज कुमार अग्रवाल ने बताया कि आयोजन को सामाजिक, वैचारिक, युवा एवं सांस्कृतिक गतिविधियों के समावेश के साथ व्यापक स्वरूप दिया गया है। बाहर से आने वाले अग्रबंधुओं के ठहरने के लिए होटलों में व्यवस्था की जा रही है।
कार्यक्रम में राज्यपाल, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय एवं विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह को संभावित मुख्य अतिथियों की सूची में रखा गया है। वहीं कैबिनेट मंत्री राजेश अग्रवाल, सांसद बृजमोहन अग्रवाल, राजेश मूणत, अमर अग्रवाल, सांसद चिंतामणि महाराज सहित विभिन्न पदाधिकारियों एवं विशिष्टजनों के शामिल होने की संभावना है।
दो दिवसीय आयोजन में प्रांतीय अधिवेशन के साथ युवा सत्र, डॉक्टर्स टॉक, महिला सत्र एवं वैचारिक मंथन होगा। डॉक्टर्स टॉक में स्वास्थ्य संबंधी विषयों पर विशेषज्ञ चिकित्सकों से सीधे संवाद का अवसर मिलेगा। युवा सत्र में नई पीढ़ी की क्षमता, नेतृत्व एवं सामाजिक दायित्व, जबकि महिला सत्र में समाज के विकास में महिलाओं की भूमिका पर चर्चा की जाएगी।
वैचारिक मंथन में सामाजिक कुरीतियों, बदलती जीवनशैली, पश्चिमी सभ्यता के प्रभाव और युवा पीढ़ी से जुड़े समकालीन विषयों पर विचार-विमर्श होगा। सांस्कृतिक संध्या में समाज के बालक-बालिकाएं प्रस्तुतियां देंगे। इसके साथ अखिल भारतीय कवि सम्मेलन भी आयोजित किया जाएगा।

18 प्रतिभाओं को मिलेगा दशम् अग्र अलंकरण

दूसरे दिन की शुरुआत योग सत्र से होगी। इसके बाद खुले सत्र में समाज के सदस्य अपने विचार और सुझाव रख सकेंगे। आयोजन का प्रमुख आकर्षण दशम् अग्र अलंकरण समारोह होगा। इसमें विभिन्न 18 प्रकल्पों के तहत चयनित 18 विशिष्ट प्रतिभाओं एवं व्यक्तित्वों को उनके उल्लेखनीय योगदान और उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया जाएगा। इसके बाद युवा पीढ़ी के लिए विशेष प्रेरक सत्र होगा। इसमें सूरत के मोटिवेशनल स्पीकर मनीष वाघासिया छात्र-छात्राओं एवं युवाओं को सकारात्मक सोच, लक्ष्य निर्धारण और सफलता के लिए प्रेरित करेंगे।

डॉ. अशोक अग्रवाल के मार्गदर्शन में तैयारियां

आयोजन छत्तीसगढ़ प्रांतीय अग्रवाल संगठन के अध्यक्ष डॉ. अशोक अग्रवाल के मार्गदर्शन एवं तत्वावधान में होगा। अग्र महाकुंभ के संयोजक सुभाष गोयल एवं कन्हैया अग्रवाल के नेतृत्व में तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। मीडिया प्रभारी मनोज कुमार अग्रवाल ने बताया कि आयोजन समिति ने प्रदेशभर के अग्रबंधुओं से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर सामाजिक एकता, संगठनात्मक मजबूती एवं नई पीढ़ी के मार्गदर्शन के इस आयोजन को सफल बनाने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *