Sarguja express…..
अंबिकापुर। शहर के व्यस्त रिंग रोड स्थित चोपड़ापारा में रविवार दोपहर तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़ी दो-तीन गाड़ियों को टक्कर मारने के बाद बीच सड़क पर पलट गई। हादसा इतना जबरदस्त था कि मौके पर अफरा-तफरी मच गई। गनीमत रही कि दुर्घटना के वक्त कोई राहगीर कार की चपेट में नहीं आया, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था। दुर्घटना के बाद कार में सवार तीन युवक बाहर निकले और भीड़ के बीच से फरार हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों का दावा है कि तीनों नाबालिग लग रहे थे और नशे की हालत में थे। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
जानकारी के अनुसार कार क्रमांक सीजी-15 ईडी-3543 रविवार दोपहर आकाशवाणी चौक की ओर से काली मंदिर की तरफ तेज रफ्तार में जा रही थी। रिंग रोड पर सेंट्रल बैंक के सामने पहुंचते ही चालक कार से नियंत्रण खो बैठा। कार सड़क किनारे खड़ी दो-तीन गाड़ियों को टक्कर मारते हुए बीच सड़क पर पलट गई। हादसे के बाद तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। कुछ ही देर में लोगों की भीड़ जमा हो गई और रिंग रोड पर वाहनों की कतार लगने से जाम की स्थिति बन गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दुर्घटना के तत्काल बाद कार से तीन युवक बाहर निकले। लोगों के कुछ समझ पाने से पहले ही तीनों भीड़ का फायदा उठाकर मौके से भाग निकले। प्रत्यक्षदर्शियों ने उनके नाबालिग होने और नशे की हालत में दिखाई देने का दावा किया है। घटना की सूचना मिलते ही गांधीनगर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार को सड़क से हटवाने की कार्रवाई शुरू की। काफी मशक्कत के बाद कार को किनारे कराया गया, जिसके बाद रिंग रोड पर यातायात सामान्य हो सका।
नंबर से मालिक तक पहुंच रही पुलिस, कौन चला रहा था कार इसकी जांच
गांधीनगर पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार को जब्त कर लिया है। वाहन नंबर के आधार पर कार मालिक की पहचान की जा रही है। इसके साथ ही पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि दुर्घटना के समय कार कौन चला रहा था और उसमें सवार तीन युवक कौन थे। यदि जांच में कार चलाने वाला नाबालिग पाया जाता है तो वाहन मालिक अथवा जिम्मेदार व्यक्ति की भूमिका की भी जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जा सकती है।
नाबालिगों के हाथ में स्टेयरिंग को लेकर उठे सवाल
घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने नाबालिगों के हाथों में वाहनों की चाबी देने को लेकर नाराजगी जताई। शहर में कई बार कम उम्र के किशोर-किशोरियां दोपहिया और चारपहिया वाहन चलाते दिखाई देते हैं। कई बार तेज रफ्तार और अनुभव की कमी सड़क पर दूसरे लोगों के लिए भी खतरा बन जाती है।
रविवार को रिंग रोड पर हुई दुर्घटना में संयोग से कोई राहगीर कार की चपेट में नहीं आया। व्यस्त सड़क पर यदि हादसे के समय पैदल यात्री या अन्य वाहन कार की चपेट में आते तो घटना गंभीर रूप ले सकती थी।

