21 April 2026
अंबिकापुर में गांजा तस्करी का पर्दाफाश, 2 आरोपी गिरफ्तार, 3.4 किलो गांजा जब्त
कार्रवाई क्राइम राज्य

अंबिकापुर में गांजा तस्करी का पर्दाफाश, 2 आरोपी गिरफ्तार, 3.4 किलो गांजा जब्त

Sarguja express

अंबिकापुर। शहर में अवैध नशीले पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर 3 किलो 400 ग्राम गांजा जब्त किया है। जब्त मादक पदार्थ और अन्य सामग्री की कुल कीमत लगभग 1 लाख 25 हजार रुपये बताई जा रही है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, घुटरापारा नहर रोड पर एक युवक द्वारा गांजा बिक्री के लिए ग्राहक का इंतजार किए जाने की सूचना मुखबिर से प्राप्त हुई थी। सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए कोतवाली पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी कर एक संदिग्ध युवक को पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम शाहबाज आलम (24 वर्ष), निवासी मोमिनपुरा अंबिकापुर बताया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से सफेद रंग की जुपिटर स्कूटी की डिक्की में रखा 3 किलो 400 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया गया, जिसकी कीमत लगभग 70 हजार रुपये आंकी गई है। साथ ही घटना में प्रयुक्त स्कूटी, जिसकी कीमत करीब 50 हजार रुपये है, उसे भी जब्त कर लिया गया।
आरोपी से कड़ाई से पूछताछ करने पर उसने बताया कि वह गांजा मोमिनपुरा निवासी मो. इजाज से खरीदकर बिक्री करने की फिराक में था। आरोपी के निशानदेही पर पुलिस ने सप्लायर मो. इजाज (47 वर्ष) को भी गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि वह गांजा लैलूंगा क्षेत्र से लाकर बिक्री करता था।
पुलिस ने सप्लायर के कब्जे से 8 हजार रुपये नकद, जो गांजा बिक्री की रकम थी, तथा घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन भी जब्त किया है। दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना कोतवाली में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया गया है।
इस कार्रवाई को डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश कुमार अग्रवाल के निर्देशन में अंजाम दिया गया। पुलिस का कहना है कि जिले में नशीले पदार्थों की तस्करी पर रोक लगाने के लिए “एंड टू एंड” कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक शशिकांत सिन्हा, सहायक उप निरीक्षक अदीप प्रताप सिंह, प्रधान आरक्षक छत्रपाल सिंह सहित पुलिस टीम के अन्य सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *