Sarguja express…..
अंबिकापुर। कांग्रेस नेता परवेज़ आलम गांधी ने असम में मुस्लिम परिवारों के खिलाफ चलाए जा रहे बेदख़ली अभियानों पर गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए भाजपा सरकार की बुलडोज़र कार्रवाई की कड़ी आलोचना की है।
उन्होंने कहा कि असम में 1983 के सांप्रदायिक दंगों में विस्थापित परिवारों को लखीमपुर में बोगी नदी के किनारे रहने के लिए जमीन दी गई थी। अब 47 वर्षों बाद अतिक्रमण मुक्त कराने के नाम पर यदि किसी विशेष समुदाय के परिवारों को चुनकर उनके घर और आजीविका उजाड़ी जा रही है, तो यह बेहद गंभीर और चिंताजनक मामला है। महिलाएं और बच्चे खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर हैं। उनके पास न पानी है और न बिजली। कानून का पालन सभी के लिए समान रूप से होना चाहिए। किसी भी नागरिक के साथ उसकी धार्मिक या भाषाई पहचान के आधार पर भेदभाव नहीं किया जा सकता।
परवेज़ गांधी ने कहा कि मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा के नेतृत्व वाली असम सरकार के बेदख़ली अभियानों में बड़ी संख्या में मुस्लिम परिवारों के घरों और धार्मिक स्थलों को नुकसान पहुंचने की खबरें सामने आई हैं। सरकार को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि कार्रवाई कानून के दायरे में हो, प्रभावित परिवारों के साथ अन्याय न हो तथा उनके पुनर्वास और मानवीय गरिमा का पूरा ध्यान रखा जाए।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने देश को “सबका साथ, सबका विकास” का नारा दिया था, लेकिन भाजपा शासित राज्यों में अल्पसंख्यक, दलित और आदिवासी समुदायों के अधिकारों, जल-जंगल-ज़मीन की रक्षा तथा उनके खिलाफ हो रही कार्रवाइयों को लेकर लगातार सवाल उठ रहे हैं। जब गरीब परिवार बेघर हो रहे हों, तब सरकार की जवाबदेही तय करना लोकतंत्र का तकाज़ा है।
परवेज़ गांधी ने कहा कि देश की जनता बहुत जल्द समझ जाएगी कि गरीबों के आशियाने उजाड़कर और अल्पसंख्यक,आदिवासियों तथा वंचितों के जल-जंगल-ज़मीन पर संकट खड़ा करके आखिर किसका विकास किया जा रहा है। एक तरफ गरीब परिवारों के सिर से छत छीनी जा रही है, वहीं दूसरी तरफ देश के प्राकृतिक संसाधनों पर बड़े उद्योगपतियों के बढ़ते नियंत्रण को लेकर सवाल उठ रहे हैं। क्या यही “सबका साथ, सबका विकास” है?
उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा, “मोदी जी का ‘सबका साथ, सबका विकास’ आखिर किसके साथ और किसके विकास के लिए है? जब गरीबों के सिर से छत छीनी जा रही हो, तब सरकार की जवाबदेही पर सवाल उठना लाज़मी है। और जब बेघर परिवार न्याय की उम्मीद में अदालत की ओर देखते हैं, तब सुप्रीम कोर्ट की सक्रियता और संवैधानिक हस्तक्षेप को लेकर भी सवाल उठते हैं। आखिर इन उजड़े परिवारों को कब राहत मिलेगी?”
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में हर नागरिक को सम्मान, सुरक्षा और न्याय के साथ जीने का अधिकार है। सरकार का दायित्व नागरिकों के घर उजाड़ना नहीं, बल्कि संविधान के दायरे में रहकर उनके अधिकारों की रक्षा करना है। विकास का अर्थ लोगों को बेघर करना नहीं, बल्कि उन्हें सुरक्षित आवास, सम्मान और बेहतर जीवन देना है।

