Sarguja express….
सीतापुर। दीपावली के दौरान पटाखों से होने वाले हादसों के बीच एक दर्दनाक घटना सामने आई है। सीतापुर थाना क्षेत्र के नवापारा में घर के आंगन में खेल रहे दो वर्षीय मासूम के मुंह में लहसुन पटाखा (पॉप-पॉप) फट गया। हादसे में गंभीर रूप से घायल बच्चे की इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना से परिवार में मातम पसरा हुआ है।
मिली जानकारी के अनुसार, नवापारा निवासी इन्द्रजीत मांझी का करीब दो वर्षीय पुत्र आदित्य 9 नवंबर की सुबह लगभग 8:30 बजे घर के आंगन में खेल रहा था। इसी दौरान परिवार के अन्य बच्चे लहसुन पटाखा (पॉप-पॉप) फोड़ रहे थे। खेलते-खेलते आदित्य ने पटाखा मुंह में चबा लिया, तभी पटाखा उसके मुंह के अंदर ही फट गया। विस्फोट से उसके ऊपरी होंठ और मुंह को जोड़ने वाली नस कट गई, जिससे लगातार खून बहने लगा।
परिजन तत्काल बच्चे को उपचार के लिए सीतापुर के शासकीय अस्पताल ले गए। वहां उपचार के बाद रक्तस्राव रुकने पर उसे घर ले आए, लेकिन रात में दोबारा खून निकलने लगा। अगले दिन 10 नवंबर को परिजन फिर उसे सीतापुर अस्पताल लेकर पहुंचे। हालत में सुधार नहीं होने पर 11 नवंबर को बच्चे को अंबिकापुर स्थित मिशन अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार चल रहा था। इसी दौरान रात में चिकित्सकों ने बच्चे की मौत होने की जानकारी परिजनों को दी।
पिता इन्द्रजीत मांझी के अनुसार, मुंह में पटाखा फटने से लगी चोट और अत्यधिक रक्तस्राव के कारण उनके बेटे आदित्य की जान चली गई। इस दर्दनाक हादसे ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है।

