Sarguja express….
30 हजार का सामान बरामद…साथी के साथ खेत से मोटर पंप और समरसिबल सेट चुराया था; पुलिस ने निशानदेही पर जब्त किए
लुण्ड्रा। खेत से मोटर पंप और समरसिबल पंप चोरी के मामले में फरार चल रहे दूसरे आरोपी को लुण्ड्रा पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी लालू यादव (30), निवासी तुरियाबीरा, के कब्जे और निशानदेही पर करीब 30 हजार रुपये का एक मोटर पंप और एक समरसिबल पंप सेट बरामद किया गया है।

पुलिस के अनुसार, तुरियाबीरा निवासी संजय कुमार गुप्ता ने खेत में लगा समरसिबल मोटर पंप चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इस पर लुण्ड्रा थाने में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई। विवेचना के दौरान पुलिस ने पहले आरोपी सत्यनारायण को चोरी की मोटरसाइकिल और पंप के साथ गिरफ्तार किया था। उसका साथी लालू यादव मौके से फरार हो गया था।
पुलिस फरार आरोपी की तलाश कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि लालू अपने गांव में मौजूद है। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने सत्यनारायण के साथ मिलकर मोटर पंप और समरसिबल पंप चोरी करना स्वीकार किया। उसकी निशानदेही पर छिपाकर रखा गया सामान बरामद कर जब्त किया गया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध में संलिप्तता के साक्ष्य मिलने पर उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक असफाक अहमद अंसारी सहित लुण्ड्रा थाना पुलिस की टीम शामिल रही।

