Sarguja express
तबीयत बिगड़ने पर खड़गवां, चिरमिरी से अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज लाया गया था बच्चा; इलाज के दौरान तोड़ा दम
अंबिकापुर। घर में प्लास्टिक की बोतल में रखी महुआ शराब पीने के बाद तबीयत बिगड़ने से तीन साल के बच्चे की मौत हो गई। बच्चे ने अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल में उपचार के दौरान 4 अक्टूबर को दम तोड़ दिया। वह कोरबा जिले के पसान थाना क्षेत्र के दुलापुर काशिमुड़ा गांव का निवासी था।
परिजनों के अनुसार, मनीष कुमार पिता शिवलाल सिंह 29 सितंबर की शाम करीब चार बजे घर में खेल रहा था। इसी दौरान उसने प्लास्टिक की बोतल में रखी महुआ शराब पी ली और उल्टी करने लगा। उसकी मां फूलकुंवर ने पिता को इसकी सूचना दी। पिता शाम करीब सात बजे घर पहुंचे, तब मनीष की हालत ठीक बताई गई।
अगले दिन तबीयत बिगड़ने पर परिजन उसे खड़गवां अस्पताल ले गए। वहां से रेफर किए जाने पर चिरमिरी अस्पताल पहुंचाया गया। हालत में सुधार नहीं होने पर उसे अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल लाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना से परिवार में शोक का माहौल है।

