1 October 2026
पलटा ट्रक तो खुला 1.19 करोड़ के गांजे का राज: प्लास्टिक दाने के बीच छिपा था 238 किलो गांजा, ओडिशा से जा रही थी लखनऊ खेप
कार्रवाई क्राइम देश बड़ी खबर राज्य

पलटा ट्रक तो खुला 1.19 करोड़ के गांजे का राज: प्लास्टिक दाने के बीच छिपा था 238 किलो गांजा, ओडिशा से जा रही थी लखनऊ खेप

Sarguja express….

विनय पांडेय 

घाटपेण्डारी घाट में हादसे के बाद गड्ढे में छिपाईं गांजे की 9 बोरियां, तिरपाल से ढंका; अलीगढ़ का आरोपी गिरफ्तार, अन्य की तलाश

सूरजपुर। जिले के चंदौरा थाना क्षेत्र में ट्रक पलटने के बाद गांजा तस्करी के बड़े मामले का खुलासा हुआ है। घाटपेण्डारी घाट में दुर्घटनाग्रस्त ट्रक से पुलिस ने 238 किलो 290 ग्राम गांजा बरामद किया है। इसकी अनुमानित कीमत करीब 1 करोड़ 19 लाख रुपये बताई गई है। गांजे की खेप प्लास्टिक दाने की बोरियों की आड़ में ओडिशा से लखनऊ ले जाई जा रही थी। पुलिस ने मामले में उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ निवासी एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार 30 सितंबर को सूचना मिली कि घाटपेण्डारी के मुख्य घाट में ट्रक क्रमांक यूपी 13 टी 5497 पलट गया है। क्रेन की मदद से ट्रक को उठवाया जा रहा था और उसमें लदी प्लास्टिक दाने की बोरियां समेटी जा रही थीं। इसी दौरान ट्रक से बिखरे कुछ संदिग्ध सामान को सड़क से कुछ दूरी पर स्थित गड्ढे में रखकर तिरपाल से ढंक दिए जाने की सूचना पुलिस को मिली।

गड्ढे में तिरपाल हटाया तो मिली गांजे की 9 बोरियां

सूचना मिलते ही चंदौरा पुलिस मौके पर पहुंची। वहां क्षतिग्रस्त ट्रक और आसपास प्लास्टिक दाने की बोरियां मिलीं, लेकिन चालक समेत अन्य लोग गायब थे। पुलिस ने आसपास तलाशी ली तो सड़क किनारे गड्ढे में तिरपाल से ढंकी 9 बोरियां मिलीं। जांच करने पर इनमें कुल 238 किलो 290 ग्राम गांजा बरामद हुआ। मौके से प्लास्टिक दाने से भरी 19 बड़ी बोरियां भी मिलीं।
पुलिस ने गांजे के साथ करीब 12 लाख रुपये कीमत का टाटा कंपनी का 12 चक्का ट्रक और प्लास्टिक दाना जब्त कर लिया। मामले में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।

ट्रक पलटते ही गांजा छिपाकर फरार हुए तस्कर

जांच के दौरान पुलिस ने फरार आरोपी सुनील कुमार (32), पिता लक्ष्मण सिंह, निवासी इंद्रानगर, खैरी रोड, थाना देहली गेट, जिला अलीगढ़, उत्तर प्रदेश को गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी ने बताया कि ट्रक उसके अलीगढ़ निवासी साथी के नाम पर पंजीकृत है और वह साझेदारी में इसका संचालन करता था। ट्रक में हाथरस निवासी चालक के माध्यम से ओडिशा से प्लास्टिक दाने के साथ गांजा लोड कराया गया था। खेप को लखनऊ पहुंचाया जाना था।
बताया गया कि 29 सितंबर को घाटपेण्डारी घाट में ट्रक पलट गया। हादसे के बाद गांजे की बोरियों को सड़क किनारे गड्ढे में छिपाकर ऊपर से तिरपाल डाल दिया गया था।
पुलिस अधीक्षक योगेश कुमार पटेल के निर्देश पर हुई कार्रवाई में थाना प्रभारी चंदौरा लक्ष्मण सिंह धुर्वे सहित पुलिस टीम की भूमिका रही। पुलिस अब इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य फरार आरोपियों की तलाश कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *