Sarguja express…..
मो.हदीस
, सीतापुर – ग्राम चलता निवासी युवा क्रिकेट खिलाड़ी राहुल प्रधान, पिता घनश्याम प्रधान का चयन छत्तीसगढ़ रणजी क्रिकेट टीम में बल्लेबाज के रूप में हुआ है। राहुल की इस उपलब्धि से क्षेत्र में खुशी की लहर है। परिजनों, खेलप्रेमियों, मित्रों, प्रशिक्षकों और शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
राहुल का क्रिकेट सफर बेहद साधारण माहौल से शुरू हुआ। बचपन में वे अपने पिता घनश्याम प्रधान को क्रिकेट खेलते देखते थे। पिता को खेलते देखकर उनके मन में भी क्रिकेट के प्रति रुचि पैदा हुई और उन्होंने क्रिकेट को अपना जुनून बना लिया। बेटे की प्रतिभा और रुचि को पहचानते हुए पिता ने उसे अपने साथ लगातार अभ्यास कराया। पिता के साथ मैदान में किया गया शुरुआती अभ्यास ही राहुल के क्रिकेट सफर की मजबूत नींव बना।
सीमित संसाधनों के बावजूद राहुल ने अपनी प्रतिभा का जौहर दिखाते हुए मेहनत और निरंतर अभ्यास के दम पर अपनी पहचान बनाई। सुविधाओं की कमी उनके हौसले के सामने बाधा नहीं बनी। धीरे-धीरे उन्होंने अपने खेल में निखार लाया और बेहतर प्रदर्शन करते हुए रणजी टीम तक का सफर तय किया।
राहुल के क्रिकेट सफर में शैलेष बाबा का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा।, खेल की शुरुआत में शैलेष बाबा ने उन्हें मार्गदर्शन देने के साथ अभ्यास के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने में सहयोग किया। उन्होंने राहुल के घर पर नेट प्रैक्टिस के लिए नेट भी लगवाया, जिससे उन्हें नियमित अभ्यास का अवसर मिला।
रणजी टीम में चयन के बाद राहुल ने अपनी सफलता का श्रेय अपनी मेहनत, निरंतर अभ्यास, पिता एवं परिजनों, कोच और शैलेष बाबा को दिया है। उन्होंने कहा कि परिवार और मार्गदर्शकों से मिले प्रोत्साहन ने उन्हें लगातार बेहतर करने के लिए प्रेरित किया।
राहुल के चयन से क्षेत्र के युवा क्रिकेट खिलाड़ियों में भी उत्साह का माहौल है। ग्रामीण क्षेत्र से निकलकर सीमित संसाधनों के बीच मेहनत के दम पर रणजी टीम तक पहुंचना क्षेत्र के उभरते खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा बन गया है।
परिजनों और खेलप्रेमियों ने राहुल को शुभकामनाएं देते हुए उम्मीद जताई कि वह रणजी क्रिकेट में अपने बल्लेबाजी कौशल का शानदार प्रदर्शन कर छत्तीसगढ़ का नाम रोशन करेंगे।

