24 September 2026
25 सितंबर को पर्दे पर उतरेगी ‘महाकाव्य श्री रामायण कथा’, रायपुर-भिलाई में सितारों ने मचाया प्रमोशन का धमाल……देव शर्मा बोले- मैंने फिल्म साइन नहीं की, प्रभु राम ने मुझे चुना; अंजलि अरोड़ा ने कहा- सीता त्याग ही नहीं, शक्ति और धैर्य की भी प्रतीक
आयोजन ख़बर जरा हटके देश बिज़नेस मनोरंजन राज्य

25 सितंबर को पर्दे पर उतरेगी ‘महाकाव्य श्री रामायण कथा’, रायपुर-भिलाई में सितारों ने मचाया प्रमोशन का धमाल……देव शर्मा बोले- मैंने फिल्म साइन नहीं की, प्रभु राम ने मुझे चुना; अंजलि अरोड़ा ने कहा- सीता त्याग ही नहीं, शक्ति और धैर्य की भी प्रतीक

Sarguja express…..

हिंदी के साथ छत्तीसगढ़ी में भी होगी रिलीज, छत्तीसगढ़ के कई कलाकारों ने निभाए अहम किरदार

भिलाई। धार्मिक हिंदी फिल्म ‘महाकाव्य श्री रामायण कथा’ 25 सितंबर से देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है। रिलीज से ठीक पहले फिल्म की स्टारकास्ट और टीम ने रायपुर और भिलाई में जोरदार प्रचार किया। फिल्म में भगवान राम की भूमिका निभा रहे देव शर्मा, माता सीता की भूमिका में अंजलि अरोड़ा और लक्ष्मण बने शील वर्मा सहित टीम के सदस्यों ने युवाओं और दर्शकों से मुलाकात कर फिल्म से जुड़े अनुभव साझा किए।

एजे फिल्म प्रोडक्शन के बैनर तले बनी फिल्म का निर्माण प्रकाश महोबिया और संजय बुंदेला ने किया है, जबकि निर्देशन अभिषेक सिंह ने किया है। टीम रायपुर की अंजनेय यूनिवर्सिटी व मॉल सहित भिलाई के संजय रूंगटा कॉलेज, सूर्या मॉल, सेक्टर-9 हनुमान मंदिर और खुर्सीपार के गणेश पंडाल में लोगों से रूबरू हुई।

हर किसी के भीतर राम और रावण, फैसला हमें करना है’

रूंगटा इंस्टीट्यूट में आयोजित पत्रकार वार्ता में कलाकारों ने फिल्म निर्माण के अनुभवों के साथ युवाओं के करियर, संघर्ष और जीवन मूल्यों पर भी चर्चा की। कलाकारों ने कहा कि चुनौतियों से घबराकर पीछे हटने के बजाय धैर्य, अनुशासन और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ना चाहिए।

भगवान राम की भूमिका निभा रहे देव शर्मा ने कहा, “मैंने यह फिल्म साइन नहीं की, मुझे लगता है प्रभु राम ने मुझे चुना है।” उन्होंने कहा कि हर व्यक्ति के भीतर राम और रावण दोनों तरह की प्रवृत्तियां होती हैं। व्यक्ति को स्वयं तय करना होता है कि वह किस रास्ते को चुनता है। उन्होंने युवाओं को सत्य, मर्यादा और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया।

अंजलि बोलीं- सीता शक्ति, धैर्य और संघर्ष की प्रतीक

माता सीता का किरदार निभाने वाली अंजलि अरोड़ा ने कहा कि सीता केवल त्याग नहीं, बल्कि शक्ति, धैर्य और संघर्ष की भी प्रतीक हैं। धार्मिक और ऐतिहासिक विषयों पर बनने वाला सिनेमा नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति और इतिहास को जानने का अवसर देता है।

ट्रोलिंग और आलोचना पर उन्होंने कहा कि हर क्षेत्र में आलोचना होती है। नकारात्मक बातों से परेशान होने के बजाय उनसे सकारात्मक चीजें सीखनी चाहिए। उन्होंने युवाओं को धैर्य रखने, खुद पर भरोसा करने और लक्ष्य की दिशा में लगातार मेहनत करने की सलाह दी।

इंजीनियरिंग छोड़ अभिनय की राह पर निकले शील वर्मा

लक्ष्मण की भूमिका निभाने वाले शील वर्मा ने बताया कि दुर्ग क्षेत्र में इंजीनियरिंग की पढ़ाई के दौरान तीसरे सेमेस्टर में उन्हें अभिनय के प्रति अपने जुनून का एहसास हुआ। इसके बाद उन्होंने अभिनय के क्षेत्र में अवसर तलाशे और मुंबई पहुंचे। वे कई धारावाहिकों और छत्तीसगढ़ी फिल्मों में भी काम कर चुके हैं। उन्होंने युवाओं से अपने हुनर और रुचि को पहचानने तथा चुनौतियों से नहीं घबराने की बात कही।

छत्तीसगढ़ में हुई फिल्म की शूटिंग

फिल्म की शूटिंग भिलाई के सिविक सेंटर, दुर्ग, रायपुर, बस्तर, जगदलपुर और चित्रकूट सहित विभिन्न स्थानों पर की गई है। फिल्म में रजनीश दुग्गल ने रावण, निर्भय वाधवा ने हनुमान, नीरज उइके ने विभीषण, शमशीर सीवानी ने सुषेण वैद्य और रजनीश झांझी ने परशुराम की भूमिका निभाई है।

इसके अलावा छत्तीसगढ़ के कई कलाकार भी फिल्म में नजर आएंगे। इनमें ललित उपाध्याय, धर्मेंद्र चौबे, नकुल मलवार, संजू साहू, उपासना वैष्णव, उर्वशी साहू, सीमा सिंह, विक्रम राज, जयराम भगवानी, तनु प्रधान, मनीषा वर्मा, संगीता निषाद, गोकुल वर्मा, भुनेश साहू और अनिरुद्ध ताम्रकार सहित अन्य कलाकार शामिल हैं। फिल्म के मुख्य सहायक निर्देशक प्रेम चोपड़ा हैं।

फिल्म 25 सितंबर को हिंदी के साथ छत्तीसगढ़ी भाषा में भी सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फिल्म की टीम का कहना है कि रामायण की कथा को नई पीढ़ी तक सिनेमा के माध्यम से पहुंचाने का प्रयास किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *