Sarguja express….
दरिमा पुलिस की वाहन चेकिंग में पकड़ा गया 20 वर्षीय युवक, मेडिकल जांच में शराब सेवन की पुष्टि
अंबिकापुर। बिना वैध ड्राइविंग लाइसेंस के शराब के नशे में स्कूटी चलाना एक युवक को महंगा पड़ गया। दरिमा पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान युवक को पकड़कर उसके खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई की। प्रकरण न्यायालय में पेश किए जाने पर न्यायालय ने स्कूटी चालक को 15 हजार रुपए के अर्थदंड से दंडित किया है।
पुलिस के अनुसार सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के उद्देश्य से डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश अग्रवाल के निर्देशन में जिलेभर में नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है।
इसी क्रम में दरिमा थाना पुलिस की टीम वाहन चेकिंग कर रही थी। इस दौरान स्कूटी क्रमांक सीजी 15 ईजी 8224 को रोककर चालक से पूछताछ की गई। चालक ने अपना नाम आकाश कुजूर पिता दोमनीक कुजूर, उम्र 20 वर्ष, निवासी दरिमा बताया।
मेडिकल जांच में शराब के नशे में मिला चालक
पुलिस के मुताबिक जांच के दौरान युवक शराब के नशे में पाया गया। इसके बाद उसका चिकित्सकीय परीक्षण कराया गया, जिसमें शराब का सेवन कर वाहन चलाने की पुष्टि हुई। दस्तावेजों की जांच में चालक के पास वैध ड्राइविंग लाइसेंस भी नहीं पाया गया।
पुलिस ने बिना वैध लाइसेंस और शराब के नशे में वाहन चलाने पर चालक के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 3/181 एवं 185 के तहत प्रकरण दर्ज किया। मामले को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां न्यायालय ने स्कूटी चालक को कुल 15 हजार रुपए के अर्थदंड से दंडित किया।
पुलिस ने वाहन चालकों से शराब के नशे में वाहन नहीं चलाने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है। कार्रवाई में दरिमा थाना के उप निरीक्षक सत्येंद्र सिंह सहित अन्य पुलिस अधिकारी-कर्मचारी सक्रिय रहे।

