24 August 2026
ब्रेकिंग…..बोलेरो की टक्कर से स्कूटी सवार सीआरपीएफ जवान की मौत….छुट्टी खत्म होने से पहले मां से मिलने जा रहा था जवान
हादसा देश बड़ी खबर राज्य

ब्रेकिंग…..बोलेरो की टक्कर से स्कूटी सवार सीआरपीएफ जवान की मौत….छुट्टी खत्म होने से पहले मां से मिलने जा रहा था जवान

Sarguja express…..

अंबिकापुर। जशपुर जिले में बोलेरो वाहन की टक्कर से स्कूटी सवार सीआरपीएफ जवान गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर में भर्ती कराया गया, जहां उसकी मौत हो गई। जवान एक माह की छुट्टी पर घर आया था और छुट्टी समाप्त होने से पहले अपनी मां से मिलने पैतृक गांव जा रहा था।

जानकारी के अनुसार जशपुर जिले के सन्ना थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सोनक्यारी निवासी फ्रेडिक जॉन एक्का (45) पिता स्व. बरलोलो मिंज सीआरपीएफ की 133वीं बटालियन में पदस्थ था। वर्तमान में उसकी ड्यूटी मणिपुर राज्य में थी। करीब एक माह पहले वह छुट्टी लेकर घर आया था। उसका एक मकान जशपुर जिले के मनौरा में भी है।
बताया गया कि जवान की छुट्टी समाप्त होने वाली थी। इसके पहले वह अपनी मां से मिलने दो दिन पूर्व स्कूटी से ग्राम सोनक्यारी जा रहा था। इसी दौरान ग्राम टेंपो के पास सामने से आ रहे बोलेरो वाहन ने उसकी स्कूटी को टक्कर मार दी। हादसे में फ्रेडिक गंभीर रूप से घायल हो गया।
दुर्घटना के बाद बोलेरो चालक ने ही घायल जवान को पिकअप वाहन की मदद से मनौरा अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे जशपुर अस्पताल ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर रेफर कर दिया। यहां उपचार के दौरान सीआरपीएफ जवान ने दम तोड़ दिया। जवान की मौत की खबर से परिजनों में शोक है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *