Sarguja express
पांच दिन बाद घर से मिली थी सड़ी-गली लाश, जांच में सामने आया पुराना विवाद और हथौड़े से हत्या का राज का प्रदा फाश
प्रतापपुर। सूरजपुर जिले के प्रतापपुर थाना क्षेत्र में हुई सनसनीखेज हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए 46 वर्षीय आरोपी रामचंद्र पैंकरा को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी ने विवाद के दौरान मृतक के सिर पर हथौड़े से गंभीर वार कर उसकी हत्या कर दी थी। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त हथौड़ा भी बरामद कर लिया है।
घर से उठ रही थी बदबू, दरवाजा खुला तो सामने आई लाश
यह पूरा मामला तब सामने आया जब प्रतापपुर मिशन चौक के पास स्थित एक घर से लगातार तेज दुर्गंध आने लगी। पड़ोसियों को जब किसी अनहोनी की आशंका हुई तो घर का दरवाजा खोला गया। अंदर का दृश्य देखकर लोगों के होश उड़ गए। घर के भीतर शोभा राम का शव पड़ा था, जो कई दिनों से घर में रहने के कारण सड़-गल चुका था।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में मृतक के सिर पर गंभीर चोट के निशान मिले। घटनास्थल पर खून के निशान मिलने के बाद पुलिस ने हत्या की आशंका को गंभीरता से लेते हुए जांच आगे बढ़ाई।
पुलिस जांच के मुताबिक हत्या 16 अगस्त को किए जाने की बात सामने आई है। करीब पांच दिन बाद 21 अगस्त को घर से बदबू आने पर लोगों को घटना की जानकारी मिली। इस वजह से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
जांच के दौरान पुलिस को मृतक और आरोपी के बीच पुराने विवाद की जानकारी मिली। बताया जा रहा है कि मृतक करीब 20 वर्षों से आरोपी के घर में बिना किराया दिए रह रहा था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद होता था।
पुलिस के अनुसार, इसी विवाद ने आखिरकार हिंसक रूप ले लिया और आरोपी ने कथित तौर पर हथौड़े से मृतक के सिर पर वार कर उसकी जान ले ली।
पुलिस ने संदेह के आधार पर रामचंद्र पैंकरा को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी द्वारा वारदात में अपनी संलिप्तता स्वीकार किए जाने की बात पुलिस ने कही है। इसके बाद उसकी निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल किया गया हथौड़ा बरामद किया गया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
पांच दिन तक घर में पड़ा रहा शव, इलाके में दहशत
इस हत्याकांड ने प्रतापपुर क्षेत्र के लोगों को झकझोर दिया है। सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि हत्या के बाद शव कई दिनों तक घर के अंदर पड़ा रहा और किसी को इसकी भनक तक नहीं लगी। जब दुर्गंध बाहर तक पहुंची, तब जाकर घटना का खुलासा हुआ। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की बारीकी से जांच कर रही है और हत्या से जुड़े अन्य तथ्यों को भी खंगाला जा रहा है। प्रतापपुर में हुई इस सनसनीखेज वारदात ने एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं कि आखिर इतने दिनों तक घर के भीतर शव पड़ा रहा और आसपास के लोगों को इसकी जानकारी क्यों नहीं हुई। पुलिस की जांच पूरी होने के बाद मामले से जुड़े अन्य पहलुओं पर भी स्थिति स्पष्ट होने की उम्मीद है।







