24 August 2026
उरांव समाज पड़हा व्यवस्था सीतापुर की नई कार्यकारिणी गठित, तिलकराम बने अध्यक्ष…..अंकित तिर्की को सचिव, धरमू बघेल को कोषाध्यक्ष और जयराम भगत को मिली न्यायाधीश की जिम्मेदारी
आयोजन ख़बर जरा हटके देश नियम नियुक्ति राज्य सूचना

उरांव समाज पड़हा व्यवस्था सीतापुर की नई कार्यकारिणी गठित, तिलकराम बने अध्यक्ष…..अंकित तिर्की को सचिव, धरमू बघेल को कोषाध्यक्ष और जयराम भगत को मिली न्यायाधीश की जिम्मेदारी

Sarguja express…..
अंबिकापुर /सीतापुर। उरांव समाज पड़हा व्यवस्था सीतापुर की नवीन कार्यकारिणी का गठन रविवार को सर्वसम्मति से किया गया। कार्यकारिणी का कार्यक्षेत्र सीतापुर, बतौली और मैनपाट विकासखंड रहेगा। चुनाव प्रक्रिया राजी पड़हा के कहतो (न्यायाधीश) सुखदेव राम भगत, पादा पड़हा बेल (प्रदेश अध्यक्ष) गिरधर भगत एवं मूली पड़हा अंबिकापुर के देवान (सचिव) उमेश भगत की उपस्थिति में संपन्न हुई। कार्यक्रम का संचालन रामकेश्वर राम ने किया।
इस अवसर पर उमेश भगत ने समाज में युवाओं की भागीदारी बढ़ाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में युवा शक्ति को आगे लाकर समाज की जिम्मेदारियां सौंपने की जरूरत है। युवा समाज के सामने आने वाली चुनौतियों का बेहतर ढंग से सामना कर सकते हैं।
प्रदेश अध्यक्ष गिरधर भगत ने कहा कि सीतापुर में उरांव समाज को एकजुट रखने के लिए लगातार प्रयास किए गए हैं। समाज की रीति-रिवाज और संस्कृति से जुड़े अनेक कार्यक्रम आयोजित किए गए। सीतापुर में उरांव समाज का भव्य कार्यालय भी बनकर तैयार हो चुका है, जो समाज को संगठित करने और महत्वपूर्ण निर्णय लेने में सहायक साबित होगा।
मुख्य अतिथि सुखदेव भगत ने कहा कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति की जिम्मेदारी है कि अपनी संस्कृति, मूल रूढ़ि प्रथा, रीति-रिवाज, पूजा पद्धति, भाषा और बोली को संरक्षित रखे। उन्होंने कहा कि जल, जंगल और जमीन का संरक्षण आज बड़ी चुनौती है। समाज एकजुट रहेगा तो इनका संरक्षण भी मजबूती से किया जा सकेगा।
तिलकराम अध्यक्ष, अंकित तिर्की सचिव
इसके बाद नवीन कार्यकारिणी की घोषणा की गई। इसमें तिलकराम भगत को बेल (अध्यक्ष), अनिल केहरी को उप बेल, अंकित तिर्की को देवान (सचिव), मनेश्वर एक्का एवं सूरज बघेल को उप देवान बनाया गया। धरमू बघेल को रकम उरबस (कोषाध्यक्ष), सुशीला भगत को उप रकम उरबस, जयराम भगत को कहतो (न्यायाधीश) और अंगद किशोर को उप कहतो की जिम्मेदारी दी गई।
इसी तरह हरिहर सोनमनी को कोटवार, रूपन राम एवं निरंजन तिग्गा को उप कोटवार, जगे राम भगत को बैगा और कमल पण्डा को सहायक बैगा चुना गया।
इन्हें बनाया गया पंच
कार्यकारिणी में सूरजन भगत, समल कुजूर, तेजबली बड़ा, सुखन बेक, राजेश्वर भगत, रामध्यान, संजय भगत, सुरेंद्र भगत, करमचन्द केहरी, मोहन सिंह, बालेश्वर राम और बसंत राम भगत को पंच की जिम्मेदारी सौंपी गई।
सलाहकार मंडल के अध्यक्ष शोभन राम बनाए गए। इसके अलावा बन्देराम बैरागी, रामकेश्वर राम भगत, बैजनाथ, धनीराम, दयाराम, घासीराम एवं हरि राम को सलाहकार बनाया गया। संरक्षक के रूप में नागेश्वर राम, फिटर भगत, मदन राम, महेश्वर केहरी, बालेश्वर राम, बादोराम एवं राय राम बेक को शामिल किया गया।
कार्यक्रम के अंत में नवनियुक्त अध्यक्ष तिलकराम भगत ने सभी का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर सीतापुर, बतौली एवं मैनपाट क्षेत्र से बड़ी संख्या में उरांव समाज के सदस्य उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *